संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा कौशल निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से 20 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले पुलिस ने एक महिला सहित छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बरटा निवासी दिनेश ने सदर थाना कैथल में दी शिकायत में बताया कि वह नौकरी लगना चाहता था। इसे लेकर उसकी बातचीत सेवा सिंह से हुई। सेवा सिंह ने बताया कि उसके हरियाणा कौशल रोजगार में निगम के अधिकारियों से जान पहचान है। वह उसे हरियाणा कौशल रोजगार के तहत नौकरी दिलवा देगा। इस पर बाद में सेवा ने उसे विक्रम, संजीव, नैंसी, जसपाल और गुरमीत कुंडू से मिलाया।
आरोपियों ने नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तिथियां में उससे 20 लाख रुपए की राशि ले ली तथा जल्द ही नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। बार-बार आश्वासन के बावजूद जब उसे नौकरी नहीं मिली तो उसने आरोपियों से अपने राशि वापस लेने की मांग की तो आरोपियों ने राशि देने से इंकार कर दिया। मामले के जांच अधिकारी एएसआई विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।