जल चिकित्सा के बारे में बताते विशेषज्ञ। विज्ञप्ति
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन 195 मरीजों ने ओपीडी में पहुंचकर लाभ लिया। शिविर में मरीजों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि सात्विक भोजन शरीर के लिए औषधि के समान है। संतुलित व प्राकृतिक आहार, नियमित दिनचर्या और योग अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। प्राकृतिक चिकित्सा में मिट्टी, जल, वायु, अग्नि और आकाश जैसे पंचमहाभूतों के माध्यम से स्वास्थ्य को बेहतर रखने पर जोर दिया जाता है। शिविर में विशेषज्ञों ने हाइड्रोथेरेपी यानी जल चिकित्सा के इतिहास और महत्व पर व्याख्यान दिया। आयुष योग सहायकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार विभिन्न प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी। शिविर में लगाई गई प्रदर्शनी में मिट्टी चिकित्सा, जल चिकित्सा, आहार चिकित्सा और पंचमहाभूत सिद्धांत के बारे में भी बताया जा रहा है।
जल चिकित्सा के बारे में बताते विशेषज्ञ। विज्ञप्ति