संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बालू रापड़ियां पट्टी में सोंगरी गुलियाना रोड के नजदीक खेतों में अचानक आग लग जाने से किसानों की 19.5 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल व 19 एकड़ में फाने जलकर राख हो गए।
किसान महेंद्र, सत्यवान, रणवीर आदि किसानों ने बताया कि वे लोग अपने खेतों में गेहूं की कटाई की तैयारी में थे। दोपहर करीब दो बजे अचानक हाई टेंशन तार में शॉर्ट सर्किट हुआ। उसके बाद खेतों में आग लग गई और देखते ही देखते फैलती गई। आग को बुझाने के लिए किसानों ने अपने दम पर भी भारी प्रयास किए और अग्निशमन वाहन को भी फोन किया।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और किसानों के साथ मिल कर किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग पर तो काबू पा लिया गया पर किसानों के सपने आग में जल कर भस्म हो गए।
आग से महेंद्र के सात एकड़, सत्यवान के छह एकड़, रामनिवास तीन एकड़, शमशेर के तीन एकड़ व रणवीर का आधा एकड़ आग में जल गया।
इसी तरह से किसान कृष्ण के सात एकड़, रेशू के सात एकड़, दीप के चार एकड़ व सुरेश का एक एकड़ में खड़े फाने आग की भेंट चढ़ गए।