नई अनाज मंडी ढांड में घर से दो लाख रुपये के अधिक के चुराए गहने
ढांड। नई अनाज मंडी ढांड में चोर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरों ने जिस घर में चोरी की उस घर के मालिक रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में गए हुए थे। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पीड़ित मकान मालिक सुभाष ने बताया कि घर के सभी सदस्य रिश्तेदारी में शादी में चले गए। रविवार रात के समय चोरों ने उनके घर में घुसकर 3 तोले सोना लगभग 3 किलोग्राम चांदी तथा 3 हजार रुपये नकदी चुराकर ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग 2 लाख रुपये है। चोरी की घटना के बाद से मंडी सहित ढांड कसबे में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि ढांड में यह चोरी की कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अनेकों घरों तथा दुकानों से चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। लेकिन पुलिस आज तक एक भी चोर को पकड़ नही पाई है। मंडी आढ़तियों ने बताया कि धान के सीजन के दौरान भी मंडी से चोरों द्वारा लाखों रुपये की धान की बोरियां चोरी की जा चुकी है। जिनका आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। कस्बे में चोरी की लगातार बढ़ रही वारदातों से लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए है। लोगों का कहना है कि आजकल चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस नाम को उनमें कोई खौफ नहीं है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कसबे में रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर जितेंद्र ढिल्लों ने बताया कि ढांड मंडी निवासी सुभाष की शिकायत पर मामला दर्जकर लिया गया है।