नील गायें कर रही किसानों की फसल बर्बाद
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। गांव खेड़ी गुलाम अली में नील गायें खेती को काफी नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे यहां के किसानों की नींद उड़ी हुई है। नील गाय गेहूं ,बरसिम व सब्जियों की फसलों को खा रही है। किसान नील गायों से फसलों को बचाने के लिए ठंड में रात भर जागकर रखवाली कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि दिन में तो किसानों को बंदर तंग कर रहे हैं और रात को नील गाय किसानों को सोने नहीं दे रही हैं। किसान अपनी बर्बाद हो रही फसल को बचाने के लिए खेतों में डेरा डाले हुए हैं। किसान विभाग से भी कई बार गुहार लगा चुके है लेकिन विभागीय अधिकारी किसानों की समस्या की ओर कोई ध्यान नही दे रहे है जिससे किसानों में विभाग के प्रति रोष है। किसान सुभाष, ज्ञान चंद, गोपाल, रामकरण, महिन्द्र, सुखबीर ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग ने जल्द ही जंगल के चारों ओर कांटेदार तार नहीं लगाई तो किसान पंद्रह दिनों के बाद विभाग के जिला अधिकारी के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। किसानों का कहना है कि जब हरियाणा की वनमंत्री किरण चौधरी जंगलात में बने औषधीय पार्क का उद्घाटन करने के लिए आई थी तो किसानों ने किसान सुभाष शर्मा के नेतृत्व में तार लगवाने के लिए ज्ञापन दिया था और मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया था कि जंगल के चारों ओर कांटेदार तार जल्द लगवा दी जाएगी लेकिन तीन वर्षों बीत जाने के बाद भी तार नहीं लग पाई है।