हड़ताल का दसवां दिन : रूटों पर दौड़ीं 55 बसें, यात्रियों को मिलीं कुछ राहत
नए भर्ती किए गए 65 में से 25 कंडक्टर बिना ड्राइवरों के नहीं चढ़ पाए बसों में
चालक के अभाव में टिकट हाथ में थामे बसों का इंतजार करते रहे नए भर्ती हुए युवा
कंडक्टर व ड्राईवर की भर्ती केलिए आवेदन का अंतिम दिन होने के कारण बस अड्डे पर उमड़ी युवाओं की भीड़
फोटो संख्या-27 व 28
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। रोडवज कर्मचारियों द्वारा 720 निजी बसों के विरोध में शुरू की गई हड़ताल वीरवार को दसवें दिन भी जारी रही। हालांकि ठेकेदार के माध्यम से भर्ती हुए कंडक्टरों व ड्राइवरों के कारण कुछ राहत मिली है। इनके माध्यम से 55 बसें चलीं। लेकिन भर्ती किए गए सभी कंडक्टरों को काम नहीं मिल पाया। लगभग 25 कंडक्टर खाली बैठे रहे। वहीं कंडक्टर व ड्राइवर की अनुबंध आधार पर भर्ती के लिए आवेदन का अंतिम दिन होने के कारण वीरवार को उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ पड़ी। अंतिम दिन विभाग में 1500 से अधिक कुल ड्राइवर व कंडक्टर के फार्म आए।
दूसरे दिन भी जिला के प्रशासन के ड्राइवरों ने चलाई बसें : बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से दिए गए 15 ड्राइवरों, सहित पहले से भर्ती 41 ड्राइवरों व नए भर्ती कंडक्टरों की मदद से 55 बसें चलाईं। जिससे आस-पास के रूटों सहित लंबे रूटों पर भी राहत मिली और लंबे रूटों के लिए हिसार, सिरसा, फतेहाबाद सहित कई डिपो से भी बसें कैथल पहुंची।
यात्रियों को मिली राहत : डिपो में 130 में 50 से अधिक रोडवेज की बसें चलने के बाद से यात्रियों को काफी राहत मिली है। हालांकि लंबे रूट पर जाने वाले यात्रियों को थोड़ी परेशानी तो जरूर होती है। लेकिन वह लोकल रूट पर जिला को क्रॉस करके अपने गंतव्य तक पहुंच जाता है।
गिरफ्तार रोडवेज कर्मियों सहित अन्य को मिला रिलीज आर्डर : वीरवार को कोर्ट परिसर में पेशी के लिए पहुंचे गिरफ्तार रोडवेज कर्मचारियों सहित अन्य को जिला प्रशासन ने रिलीज आर्डर जारी कर दिए जिसके बाद अंबाला व करनाल और कैथल की जेल में रह रहे है कर्मचारी रात तक कैथल पहुंचे।
अंतिम दिन जमा हुए 1500 से अधिक आवेदन : सरकार द्वारा निकाली गई अनुबंध आधार भर्ती के लिए आवेदन का वीरवार को अंतिम दिन था। जिस कारण फार्म जमा करवाने के लिए उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ पड़ी। अंतिम दिन 1500 युवाओं ने आवेदन फार्म जमा करवाए।