एसडीएमके न पहुंचने पर स्थगित हुआ नपा वाइस चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
उधर, नगर पालिका राजौंद के वाइस चेयरमैन के खिलाफ पारित होना था अविश्वास प्रस्ताव
10 पार्षद पहुंच गए, 12 बजे पार्षदों को बताया गया कि एसडीएम नहीं आएंगी
पार्षदों ने लगाया भाजपा संगठन पर चुनाव टलवाने का आरोप
फोटो संख्या-41
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। राजौंद में नगर पालिका वाइस चेयरमैन निरवैर सिंह के खिलाफ बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पारित किया जाना था। लेकिन एसडीएम के ना पहुंचने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। वहीं निर्धारित समय पर पहुंचे पार्षदों ने इस बात को लेकर रोष जताया और कहा कि भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने इस प्रस्ताव को स्थगित करवाया है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका राजौंद के वाइस चेयरमैन निरवैर सिंह के खिलाफ दो माह पूर्व चेयरपर्सन गुड्डी राणा सहित 10 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की मांग की थी। पार्षदों की मांग पर बुधवार को यह अविश्वास प्रस्ताव पारित किए जाने की तिथि निर्धारित की गई थी। जिसके तहत 10 पार्षद निर्धारित समय पर नगर पालिका राजौंद पहुंच गए। सुबह 11 बजे का बैठक का समय था। लेकिन 12 बजे उन्हें बताया गया कि एसडीएम नहीं आ पाएंगी। जिस कारण बैठक स्थगित कर दी गई है। इस सूचना के बाद पार्षदों में रोष फैल गया। रोषस्वरुप चेयरपर्सन की अगुवाई में सभी 10 पार्षद एसडीएम कमलप्रीत कौर व डीसी से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे और चेयरपर्सन ने कहा कि जब पार्षद सहमत हैं तो प्रशासन क्यों इस बैठक को स्थगित कर रहा है। पार्षद प्रतिनिधि सतनाम सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन की शह पर यह बैठक स्थगित की गई है। जिस कारण यहां विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
13 में से 10 पार्षद पहुंचे:-पार्षद 1 से चेयरपर्सन गुड्डी राणा, पार्षद वार्ड 2 से अनुराधा राणा, 3 से जगपाल कश्यप, 4 से सुरेंद्र दांगी, 5 से राजेंद्र कश्यप, 6 से सीमा, 7 से सुल्तान सिंह, 8 से शेखर, 9 से गुरप्रीत कौर व 11 से सीमा देवी
वहीं दूसरे गुट में निरवैर सिंह, नरेश व सतविंद्र सिंह शामिल हैं।
एसडीएम कमलप्रीत कौर ने कहा कि सीएम का फल्गू में दौरा आने के चलते बैठक स्थगित की गई है। शीघ्र ही दूसरी तिथि निर्धारित की जाएगी।
प्रशासन ने हमें पूरा दिन गुमराह किया:-
चेयरपर्सन राजौंद नगर पालिका गुड्डी राणा ने कहा कि जब अधिकारियों को आना ही नहीं था तो एक दिन पहले उन्हें समय क्यों दिया गया। वे 12 बजे तक यहां इंतजार करते रहे। इसके बाद 3 बजे तक एसडीएम व डीसी का लघु सचिवालय में इंतजार किया। बाद में साढ़े पांच बजे तक भी 10 पार्षद अविश्वास प्रस्ताव की मांग को लेकर भटकते रहे। प्रशासन ने पूरी तरह से गुमराह करके रखा। नगर पालिका के अधिकारी पहले ही उनकी नहीं सुनते। वे वीरवार को भी काम ना होने के कारण रोष प्रकट करेंगे।