चोरों ने तीन जगह से समेटा जेवरात समेत लाखों का सामान
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चोरी के तीन मामलों में चोर सात ट्रांसफार्मर से लाखों रुपये का सामान, एक घर से हजारों रुपये के सोने चांदी के जेवरात, मधु मक्खी के 50 बॉक्स चोरी कर ले गए।
पहले मामले में पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में किशन पाल ने बताया कि 30 दिसंबर को दोपहर दो बजे से लेकर शाम छह बजे तक घर पर कोई नहीं था। पीछे से चोर उसके घर के अंदर घुसे ओर हजारों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। एसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मामले में राजौंद पुलिस को दी शिकायत में जॉनी उर्फ विजय प्रताप ने बताया कि 26 दिसंबर की रात को चोर पूंडरी रोड पर रखे मधुमक्खी के 50 बॉक्स चोरी कर ले गया। पुलिस ने बॉक्स की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी है। हेड कांस्टेबल करनैल सिंह ने बताया कि पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीसरे मामले में गुहला पुलिस को दी शिकायत में बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि 16 दिसंबर की रात को गांव सेमुमाजरा से चोर ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए।
वहीं गांव अजीमगढ़ से चोर तीन ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी हुए ट्रांसफार्मर की कीमत एक लाख 69 हजार रुपये आंकी है। वहीं पूंडरी के गांव करोड़ा व हाबड़ी से चोर दो ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।