कॉलेज प्राध्यापकों ने मनाया काला दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अखिल भारतीय महासंघ विश्वविद्यालय व महाविद्यालय अध्यापक संगठन व हरियाणा महाविद्यालय अध्यापक संघ के संयुक्त आह्वान पर केंद्र सरकार की शिक्षक व शिक्षा संबंधी नीतियों के विरोध में काला दिवस मनाया गया। आरकेएसडी कॉलेज के प्राध्यापकों ने सुबह से ही काली पट्टी बांध कर कार्य किया और दोपहर को धरने में बढ़-चढकर भाग लिया। इकाई के प्रधान डा. बिजेंद्र कुमार व सचिव जयबीर धारीवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से सातवें वेतन आयोग का लाभ सभी कर्मचारियों को दिया जा चुका है। लेकिन विश्वविद्यालय व महाविद्यालय के प्राध्यापकों को इसका लाभ अभी तक नहीं मिला। जबकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अपनी अपील केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय को फरवरी में लिखित में सौंप चुका है। अगर सरकार ने अभी भी मांगें नहीं मानी तो देश का संपूर्ण शिक्षक वर्ग 5 सितंबर को शिक्षक दिवस न मनाकर दिल्ली में जंतरमंतर पर बैठेगा और सामूहिक गिरफ्तारियां दी जाएंगी। इस अवसर पर डा. राजबीर पराशर, डा. एसएस ढुल, प्रो. चेतना शर्मा, डा. लक्ष्मी मोर, डा. सीमा गुप्ता, डा. एचएस सिरोही, डा. संजय गोयल, डा. सीबी सैनी, डा. ओपी सैनी, डा. अशोक शर्मा, डा. गगन मित्तल, डा. एसएस मैहला, डा. आरपी मान, डा. शिल्पी अग्रवाल, डा. राकेश मित्तल, प्रो. रीचा, डा. सुरूचि शर्मा, कोषाध्यक्ष डा. सुरेंद्र, प्रो.अंजलि, उपप्रधान रघबीर सिंह मौजूद रहे।