आसमानी बिजली गिरने से बाल-बाल बचे भाजपा मंडल महामंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। आसमानी बिजली गिरने से कलायत भाजपा मंडल के महामंत्री राहुल राणा बाल-बाल बच गए। राहुल ने बताया कि बहुत दिनों के बाद बारिश हुई थी इसलिए वे अपने धान के खेत में पानी की नालियों को ठीक करने कर रहे थे। तभी अचानक उनसे कुछ दूरी पर तीन बार आसमानी बिजली गिरी। इससे वे घबराकर खेत में ही बने कमरे में चले गए। काफी देर के बाद खेत के कोठे से बाहर निकलते ही उनसे चंद फुट की दूरी पर फिर से आसमानी बिजली गिरी तो वे बेहोश हो गए। राहुल ने बताया कि उनको सिर्फ इतना पता है कि बहुत तेज करंट के साथ प्रकाश उनसे डेढ़ फुट की दूरी पर आया और वे बेहोश हो गए। काफी देर के बाद होश आने पर उन्होंने अपने परिजनों को सूचित किया। परिजन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सक डा. बंसल ने बताया कि राहुल का ईसीजी सहित पूरे टेस्ट करवाने के बाद घर पर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि यह कुदरत का करिश्मा ही कहा जाएगा कि इतनी नजदीक आसमानी बिजली गिरने के बावजूद भी कोई व्यक्ति बच सकता है। सूचना मिलने के बाद कुशलक्षेम पूछने के लिए नगर के लोगों का राहुल के घर पर तांता ही लगा गया।