महिला पुलिस ने 23 मनचलों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। महिला पुलिस ने दुर्गा ऑपरेशन सुबह से लेकर शाम तक जारी रहा। पिहोवा चौक से शुरू हुए ऑपरेशन का समापन शाम के समय चिल्ड्रन पार्क में हुआ। इस दौरान पिहोवा, राजकीय कन्या स्कूल, आईजी कॉलेज, बस स्टैंड, मेन बाजार, हनुमान वाटिका, सेक्टर 19 व 20 की ग्रीन बेल्ट, जवाहर पार्क और चिल्ड्रन पार्क में पुलिस का ऑपरेशन चला। दिनभर में 23 मनचलों को पुलिस ने दबोचा, जिन्हें बाद में परिजनों को सूचित करने के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया। इस पूरे ऑपरेशन में महिला थाना प्रभारी सहित 20 कर्मियों का स्टाफ मौजूद रहा। एक साथ इतने पुलिस को देखकर मनचले अपना रास्ता बदलने को मजबूर हो गए।
महिला थाना प्रभारी निर्मला ने बताया कि अगर किसी गांव में छात्राओं को मनचलों से परेशानी है तो वहां भी ऑपरेशन दुर्गा चलाया जाएगा। इसके लिए छात्राएं महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर संपर्क करके सूचना दे सकती हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई होगी। एसएचओ ने बताया कि कॉलेजों के बाहर सादी वर्दी में गश्त जारी रहेगी। कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मनचलों से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।