स्टार कबड्डी लीग-2019 कल से
4 अप्रैल तक होंगे राष्ट्रीय स्तरीय मुकाबले
देश भर के 15 राज्यों से महिला व पुरुष वर्ग में खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आगामी 2 से 4 अप्रैल के बीच सांय 5 बजे से रात 11 बजे तक महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में पहली बार स्टार कबड्डी लीग-2019 मुकाबले होंगे। जिसमें 15 राज्यों से महिला व पुरुष खिलाडिय़ों के बीच मुकाबला होगा। अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित प्रैस कान्फ्रेंस में कबड्डी लीग मुकाबलों की जानकारी देते हुए चेयरमैन अशोक गोयल ने बताया कि हमारा उद्देश्य उभरते हुए खिलाडिय़ों को एक मंच देना है। 15 राज्यों का दौरा कर उन बेहतरीन खिलाडिय़ों का चयन किया है, जो आगे जाकर भारत देश का नाम विश्व में चमका सकते हैं। खिलाडिय़ों के रहने-खाने एवं यहां तक पूरी किट देने का इंतजाम किया है। इसके अलावा हर टीम एवं खिलाडिय़ों के लिए 10 लाख रुपये के ईनाम भी रखे गए हैं। कबड्डी लीग की कुल 16 टीमें होंगी। इनमें 4 ओपन लड़कियों की, 4 ओपन लड़कों की व 8 जूनियर टीम 55 किलोग्राम भार वर्ग की होंगी। सभी मैच मैट पर खेले जाएंगे व रैफरी एनआईएस कोच होंगे। प्रथम खिलाड़ी को एक लाख रुपये व द्वितीय को 51 हजार रुपये ईनाम दिया जाएगा। कबड्डी टीम मुकाबलों में मुख्यातिथि डीसी डा. प्रियंका सोनी व एसपी वसीम अकरम करेंगे। इसके अलावा तीनों दिन दर्शकों के मनोरंजन के लिए हरियाणवीं कलाकार नीपू नेपेवाला, ङ्क्षबद्र दनौदा व अन्नू कादयान को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। कबड्डी लीग के प्रधान मनोज ढुल व पवन ढुल एडवोकेट ने बताया कि खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रो कबड्डी लीग के स्टार खिलाड़ी सुरेंद्र नाडा, विकास, राजू, संदीप बेरवाला व राकेश नरवाल भी कैथल पहुंचेंगे। इस मौके पर सचिव सतीश शर्मा, कैशियर परमजीत हुडा, उपप्रधान बलराज शर्मा, सदस्य सुखबीर चहल, देवेंद्र बुरा, मनीष, संदीप कोटड़ा सहित अन्य उपस्थित थे।