90 क्विंटल चारा, गोशाला को 8 लाख रुपये से किया जाएगा चारे का प्रबंध
6 लाख का चेक दिया, 2 लाख रुपये आज आ जाएंगे गोशाला के खाते में
डीसी ने लिया संज्ञान, कहा-गोशाला का काम प्रभावित नहीं होने देंगे
अमर उजाला की खबर का असर, गोशाला संचालन के लिए मिलेगी कुछ दिन राहत
विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर की गोशाला में चारे के प्रबंधन पर चर्चा
फोटो संख्या-36
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। कपिस्थल गोशाला को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद डीसी सुनीता वर्मा ने संज्ञान लिया और गोशाला को करीब 8 लाख रुपये की राशि देने का रास्ता साफ कर दिया। 6 लाख रुपये से अधिक की राशि का पिछले बकाया का चैक दे दिया गया है, साथ ही 2 लाख रुपये की राशि आज गोशाला के खाते में आ जाएगी। इसके अलावा शाम तक लगभग 90 क्विंटल चारा गोशाला में पहुंच गया। जिससे कई दिनों तक गोशाला का काम चलेगा। हर रोज 2 ट्राली चारा भिजवाए जाने की भी व्यवस्था की गई है।
गोशाला प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेश कुमार व उप-प्रधान काबज राम ने गोशाला की दयनीय हालत को देखते हुए सोमवार सांय काम छोडने का ऐलान कर दिया था। वे रात्रि करीब 8 बजे खुद गायों को चारा डालकर आए थे। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया तो डीसी सुनीता वर्मा ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने मंगलवार को जिले के आला अधिकारियों के साथ गोशाला संचालन को लेकर बैठक भी की। साथ ही डीडीपीओ को गोशाला में चारे की व्यवस्था के निर्देश दिए। डीडीपीओ के निर्देश पर शाम तक करीब 90 क्विंटल चारा गोशाला में पहुंच गया। साथ ही हर रोज 2 ट्राली गोशाला में भेजी जाएंगी।
प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि डीसी महोदया ने उन्हें बुलाया और बताया कि गोशाला के लिए पिछला बकाया 6 लाख रुपये का चेक दे दिया है। साथ ही 26 जनवरी पर घोषित 2 लाख रुपये की राशि आज गोशाला के खाते में आ जाएगी। इससे शेड का निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। साथ ही 90 क्विंटल चारे का प्रबंध हो गया है और आगे भी नियमित तौर पर चारा मुहैया करवाए जाने की बात कही गई है। प्रशासनिक अधिकारियों सहित अमर उजाला का आभार व्यक्त करते हैं।