गांव में प्रवेश करते ही गंदगी के ढेर देख अधिकारियों को लगाई फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी सुनीता वर्मा ने बुधवार को सीएम के गोद लिए गांव क्योड़क का दौरा किया। डीसी ने गांव में सीएम की घोषणाओं सहित अन्य विकास कार्यों का बारीकि से निरीक्षण किया। गांव में प्रवेश करते ही मिले गंदगी के ढेर व धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों के लिए डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और काम तेज करने के निर्देश दिए। इस दौरान बिजली की तारों को तुरंत प्रभाव से बदलने के निर्देश भी दिए।
सबसे पहले डीसी पंचायत भवन में चल रहे अटल सेवा केंद्र व ग्राम सचिवालय में पहुंची। यहां पर पहुंचते ही गंदगी के ढेर देखकर उन्होंने ग्राम सचिव को फटकार लगाते हुए कहा कि उनकी जिम्मेवारी है वे गांव को साफसुथरा रखने के लिए सफाई करवाएं। इसके साथ ही डीसी ने सड़कों पर घूम रहे पशुओं को हटाने के आदेश दिए।
बिजली के बिना ठप मिला अटल सेवा केंद्र : ग्रामीण स्तर पर डिजिटल सेवाओं के लिए बनाए गए अटल सेवा केंद्र में बिजली नहीं मिलीं। यहां पर केवल एक ही एलईडी लाइट लगी हुई थी। इस पर डीसी ने यहां मौजूद ग्राम सचिव से एलईडी लाइटों को लगवाने के निर्देश दिए। डीसी ने यहां पर लगने वाले वाई-फाई की सुविधा को भी जल्द देने के आदेश दिए। इसके बाद डीसी यहां पर बन रहे ग्राम सचिवालय के निर्माण कार्य के बारे में जानकारी हासिल की। जिसे एक महीने में पूरा करने के भी आदेश दिए। इस दौरान ग्रामीण सुबेदार चंद्रपाल ने डीसी को अतिक्रमण की समस्या बताते हुए कहा कि गांव से लेकर मेन रोड पर जाने वाली सड़क 50 फुट की है जो अतिक्रमण के कारण 20 फुट की रह गई है।
सीवरेज निर्माण कार्य में तेजी के आदेश दिए : गांव में करीब 35 किलोमीटर की लंबाई में अलग-अलग गलियों में सीवरेज डाला जा रहा है। इस काम में तेजी लाने को कहा। ताकि गलियों व नालियों का निर्माण हो सके। डीसी ने बताया कि यहां वाटर वर्क्स तथा मल शोधन संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा।
चारदीवारी के निर्माण कार्य की जानकारी ली : डीसी ने कोटिकूट तीर्थ के तालाब की चारदीवारी के निर्माण कार्य के बारे जानकारी हासिल की। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि इस तालाब की चारदीवारी के निर्माण पर तीन वर्षों से बात चल रही है। जिस पर 5 करोड़ का एस्टीमेट पास हुआ है। यह कार्य जून तक पूरा कर लिया जाएगा। सीवर लाईन डालने के बाद इस तालाब में गंदे पानी को आने से रोका जा सकेगा। इस तालाब से गाद निकलवाकर चारदीवारी की जाएगी तथा स्टोन पिचिंग भी करवाई जाएगी।
इसके बाद डीसी ने गांव में गंदे पानी की निकासी का जायजा लिया। इस पर डीसी ने अधिकारियों को गांव के तालाबों की सफाई करवाने के आदेश देते हुए कहा इसकी दोनों तरफ नालों का निर्माण किया जाए।
बिजली विभाग के अधिकारी बोले मैडम यहां काफी लोग बिल नहीं भरते : जब सरपंच ने डीसी को खराब बिजली की तारों को बदलवाने के लिए कहा तो डीसी ने बिजली विभाग के जेई को इस समस्या का समाधान करने के लिए बोला। इस पर जेई ने कहा कि मैडम इस गांव के काफी लोग अधिक डिफाल्टर है। यहां के अधिकतर लोगों के एक लाख रुपये से भी अधिक के बिल पेंडिंग हैं। जगमग योजना के तहत ये तारें मुख्यालय स्तर पर ही बदली जा सकेंगी। इस पर डीसी ने कहा कि जहां समस्या है, वहां तुरंत तारें बदली जाएं।
सरपंच ने की सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग : सरपंच बलकार सिंह ने गांव में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की। जिस पर डीसी ने कहा कि सफाई में गांव के लोगों को भी जागरूक किया जाए।
सभी प्रवेश द्वारों पर लगेगा सीसीटीवी कैमरा, पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम व हाई मास्क लाइट : सरपंच बलकार सिंह ने बताया कि गांव क्योड़क सुरक्षा के साथ-साथ पंचायत के माध्यम से सरकार की नीतियों की जानकारी व फैसलों के बारे में हर व्यक्ति को जानकारी मिले। इसके लिए गांव के सभी प्रवेश द्वारों पर एक ही खंभे पर पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम, हाईमॉस्क लाईट के अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जो रात में भी रिकॉर्डिंग कर सकेंगे। पूरे गांव में वाई-फाई सुविधा शीघ्र शुरू होने जा रही है। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलदीप सिंह, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता विनोद सरोहा, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित कुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व ग्राम पंचायत के सदस्य मौजूद रहे।
- मुख्यमंत्री के गोद लिए गांव में जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों को देखने पहुंची डीसी
- सीएम की घोषणाओं पर तेजी से काम के निर्देश दिए, कोटिकोट तीर्थ का भी किया दौरा
फोटो नंबर-1 से 5