स्कूल में बंद मिली कंप्यूटर लैब और एजुसेट सिस्टम
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने बुधवार को राजौंद के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में काफी खामियां मिली। सबसे पहले बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम राजकीय कन्या स्कूल में पहुंची। जहां उन्हें कंप्यूटर लैब व एजुसेट सिस्टम बंद मिला। साथ ही स्कूल में गंदगी का आलम देख आयोग की सदस्य ने स्कूल प्रिंसिपल को फटकार लगाई। स्कूल में इसके अलावा एजूसेट सिस्टम खराब मिला, कंप्यूटर लैब बंद पड़ी थी। स्कूल में जेनरेटर रखा था, लेकिन तेल के लिए फंड की समस्या बताकर उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। आग बुझाने के यंत्र एक्सपायर मिले। बदहाल व्यवस्था को देखकर आयोग की सदस्य रमनदीप कौर ने इसे जल्द सुधारने के आदेश दिए। स्कूल प्रिंसिपल ने भी अपने स्कूल की समस्याएं टीम के सामने रखी। जिसमें पानी निकासी का प्रबंध करवाने को कहा। इसके बाद टीम ने राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला व प्राथमिक पाठशाला का निरीक्षण करने के बाद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम ने संतोख माजरा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला व माध्यमिक विद्यालय की जांच की। इसके बाद गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया जहां बिजली की समस्या पाई गई।