मास्टर जी के रिटायरमेंट पर अब स्कूलों में हो सकेगी फेयरवेल पार्टी
शिक्षा सचिव ने कहा- नहीं दिए इस तरह की पार्टियों पर रोक के आदेश
शिक्षा सचिव से मिलकर आया अध्यापक संघ का प्रतिनिधिमंडल
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। एडीशनल चीफ सेक्रेटरी पीके दास ने कहा कि अध्यापकों के रिटायर होने पर उनके सम्मान में स्कूल परिसर में होने वाली फेयरवेल पार्टियों पर किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। शिक्षा विभाग की तरफ से ऐसा कोई पत्र नहीं जारी किया गया है जिसमें फेयरवेल पार्टियां प्रतिबंधित की गई हों। पीके दास से मिलने गए हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ-70 के प्रतिनिधिमंडल ने अन्य मांगों के साथ यह मुद्दा भी उठाया था। दास ने कहा कि इस मामले की जांच करवाई जाएगी तथा पता लगाया जाएगा कि भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए जिम्मेवार कौन है।
हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ 70 संबंधित हरियाणा राज्य कर्मचारी महासंघ का एक शिष्टमंडल प्रांतीय प्रधान प्रदीप सरीन की अध्यक्षता में एसीएस स्कूल शिक्षा पीके दास से मिलकर लौटा। प्रांतीय चेयरमैन कुलभूषण शर्मा और प्रांतीय सचिव संजीव मंदोला ने बताया कि दास ने आश्वासन दिया कि एलीमेंट्री हेड से हाई स्कूल हेडमास्टर और मास्टर्स से एलीमेंट्री हेड के लिए पदोन्नतियां 3 माह के भीतर दे दी जाएंगी। संघ के शिष्टमंडल ने एलीमेंट्री हेड्स के वर्कलोड को कम करने की बात उठाई तो पीके दास ने इस मांग को फिलहाल टाल दिया।
टीजीटी अध्यापकों को तबादले का मौका शीघ्र
अध्यापक नेताओं द्वारा उठाई एक अन्य मांग के जवाब में पीके दास ने कहा कि पीजीटी के तुरंत बाद टीजीटी के तबादलों का पोर्टल खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष वंचित रह गए टीजीटी अध्यापकों को इस बार तबादले का मौका अवश्य दिया जाएगा।