फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: गुहला समेत चार मतदान केंद्रों पर 18 को 1805 अधिवक्ता करेंगे मतदान

Sat, 07 Mar 2026 01:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल चुनाव 18 मार्च को होने हैं। इसके लिए बनाए गए चार मतदान केंद्रों पर 1805 अधिवक्ता मतदान करेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपराजिता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और कैथल व गुहला दोनों स्थानों पर उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। बैठक में सीजेएम विनोद कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीएसपी बीरभान, कैथल तहसीलदार रविंद्र हुड्डा और चुनाव कानूनगो राजकुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान बिजली और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को मतदान के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जन स्वास्थ्य विभाग को मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

इसके अलावा सिविल सर्जन को दोनों मतदान केंद्रों पर एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं के साथ मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चुनाव सामग्री के प्रबंधन की जिम्मेदारी तहसीलदार कैथल और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गुहला को सौंपी गई है। ये अधिकारी 16 मार्च को चंडीगढ़ से बैलेट पेपर और अन्य चुनाव सामग्री प्राप्त करेंगे तथा मतदान के बाद 18 मार्च को सभी सीलबंद सामग्री को सुरक्षा के साथ वापस जमा करवाएंगे।

डीसी अपराजिता ने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि वे पोलिंग पार्टियों को कम से कम दो बार विस्तृत प्रशिक्षण दें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी बाधा न आए और चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
विज्ञापन


कैथल से 1659, गुहला से 146 मतदाता देंगे वोट

डीसी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया 18 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। जिले में स्थापित चार मतदान केंद्रों में से तीन कैथल और एक गुहला में बनाया गया है। चुनाव में कैथल से 1659 तथा गुहला से 146 मतदाता वोट करेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 6 पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जिनमें 4 मुख्य और 2 रिजर्व टीमें शामिल हैं। डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए डीएसपी को निर्देश दिए कि 16 मार्च को चंडीगढ़ से चुनाव सामग्री लाने तथा 18 मार्च को मतदान के बाद सीलबंद मतपेटियों को सुरक्षित रूप से वापस चंडीगढ़ जमा करवाने के लिए वाहन के साथ पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें