संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद कार्यालय, नगर पालिका कार्यालयों व बीडीपीओ कार्यालयों में समाधान शिविर लगाकर आमजन की समस्याएं सुनी जा रही हैं। इस दौरान कुल 18 शिकायतें आई, जिनमें से आठ का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अन्य लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
नगर निगम कैथल में कुल पांच शिकायतें आई। सभी शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका चीका में तीन शिकायतें प्राप्त हुई और तीनों का मौके पर ही समाधान किया गया। पूंडरी नगर पालिका में तीन शिकायतें आई। इनमें से दो का मौके पर निपटान किया गया, जबकि एक शिकायत को रिजेक्ट कर दिया गया। सीवन नगर पालिका में एक शिकायत आई, जो अभी लंबित है। कलायत व राजौंद नगर पालिकाओं में कोई शिकायत नहीं आई।
वहीं, बीडीपीओ कार्यालयों की बात करें तो कैथल में दो शिकायतें प्राप्त हुई। दोनों का मौके पर समाधान किया गया। पूंडरी बीडीपीओ कार्यालय में दो शिकायतें आई, जो अभी लंबित हैं। राजौंद बीडीपीओ कार्यालय में दो शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका जल्द समाधान किया जाएगा। कलायत, गुहला, सीवन और ढांड बीडीपीओ कार्यालयों में कोई भी शिकायत नहीं आई।
बता दें कि जिला की प्रत्येक नगर पालिका और बीडीपीओ कार्यालयों व नगर निगम के दफ्तरों में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आमजन की प्रॉपर्टी आईडी व स्वामित्व योजना से जुड़ी शिकायतों को सुना जा रहा है और उनका मौके पर संबंधित अधिकारियों की ओर से समाधान भी किया जा रहा है।