सुबह उठकर कैथल के राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता करते हैं जींद का रुख
जींद में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में बूथ पर ड्यूटी देकर रात को फिर लौट आते हैं कैथल
कैथल के राजनीतिक लोग ज्यादा लड़ रहे हैं जींद का उप-चुनाव
रोचक हुआ जींद का मुकाबला, कैथल से रणदीप सुरजेवाला के समर्थन में उमड़ रही है जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की फौज
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जींद उप-चुनाव में कैथल जिले की अहम भूमिका नजर आ रही है। सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सुबह उठकर जींद की ओर निकल जाते हैं और दिन भर प्रचार-प्रसार के बाद शाम तक कैथल लौट आते हैं। काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्थायी तौर पर जींद में ही डेरा डाला हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला चूंकि कैथल से विधायक हैं तो उनके समर्थक कार्यकर्ता जींद शहर व आस-पास के गांवों में डेरा डाले हुए हैं। जो दिन-रात उनकी जीत के लिए एक-एक वोट का पहरा देने का काम कर रहे हैं। इसके अलावा जजपा के उम्मीदवार दिग्विजय के समर्थन में उनकी पार्टी के भी कई नेता हर रोज जींद जाते हैं और देर रात तक घर लौट रहे हैं। इस पार्टी के कई समर्थक दिन रात जींद में ही बूथ लेवल पर रहकर अपने प्रत्याशी की जीत के लिए प्रयासरत हैं।
जींद में बतौर प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला के कार्यालय में कैथल से पहुंचे कार्यकर्ताओं की काफी संख्या नजर आती है। पूर्व चेयरमैन रामनिवास मित्तल, सुरेश चौधरी, पार्षद वीरेंद्र बिल्लू, रोशन पाड़ला, सत्यवान शेरगढ़, पूर्व पार्षद सत्यजीत सैनी, भगत राम एडवोकेट जींद में प्रचार में जुटे नजर आए। इसी प्रकार से जजपा नेता बलवान कोटड़ा, हरदीप पाड़ला एडवोकेट, बलराज नौच, राजू पाई सहित भारी संख्या में कैथल से कई कार्यकर्ता दिखाई देते हैं।
लोक तंत्र सुरक्षा पार्टी से टेक चंद सैनी, मांगें राम सैनी, कुशल पाल सहित भारी संख्या में कैथल से कार्यकर्ता जींद में उम्मीदवार विनोद आसरी के समर्थन में प्रचार में नजर आए।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला प्रधान एवं चेयरमैन राजपाल तंवर, चेयरमैन अरुण सर्राफ, जिला महामंत्री संजय भारद्वाज, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, पूर्व विधायक भाई लीला राम, कुमारी संगीता सहित कई नेता व कार्यकर्ता जींद में उम्मीवार कृष्ण मिड्डा के समर्थन में प्रचार में जुटे हुए हैं।
वहीं इनेलो नेता पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा की अगुवाई में कैथल से रामफल मलिक सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता जींद में उमेद रेड्डू के समर्थन में प्रचार में जुटे हुए हैं।