नैना चौटाला ने किसानों, कर्मचारियों व बुजुर्गों सहित महिलाओं के लिए खोला वादों का पिटारा
- कहा- जींद के पांडु पिंडारा में की गई एक-एक घोषणा को पहनाया जाएगा अमली जामा
गांव भागल में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में पहुंची नैना चौटाला, हरी चुनरी ओढ़कर भारी संख्या में महिलाओं ने लिया भाग
फोटो संख्या-28 व 29
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। रविवार को गांव भागल में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में डबवाली की विधायिका नैना चौटाला ने किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं सहित सभी वर्गों के लिए वादों का पिटारा खोल दिया और कहा कि जींद के पांडु पिंडारा में आयोजित रैली में जो वादे किए गए थे, उनमें एक-एक को पूरा किया जाएगा। नैना चौटाला का यहां पहुंचने पर भारी संख्या में पहुंची महिलाओं ने जोरदार अभिनंदन किया। हरी चुनरी ओढ़कर भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
नैना ने कहा कि यदि प्रदेश की जनता दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में हरियाणा में जननायक जनता पार्टी की सरकार बनाती है तो किसानों का सरकारी बैंकों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। किसानों की फसल के न्यूनतम दाम पर 100 प्रतिशत मुनाफा दिया जाएगा। कर्मचारियों की नई पेंशन योजना को बंद कर पुरानी पेंशन बहाली की जाएगी। हर 10 गांव पर एक लघु उद्योग लगा महिलाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। जजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की पेंशन 55 वर्ष की उम्र में लागू की जाएगी व पुरुषों के लिए 58 वर्ष की उम्र में पेंशन शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों द्वारा सरकारी नौकरी पाने के लिए लागू की गई एचटेट व नेट पास करने की शर्तें बंद की जाएगी। हर गांव में डिस्पेंसरी व मोबाइल अस्पताल की व्यवस्था की जाएगी, व्यापारियों के लिए ई बिल सिस्टम समाप्त कर रोस्टर प्रणाली लागू की जाएगी, आरओ सिस्टम से पीने का पानी पहुंचाया जाएगा। यदि जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया तो प्रदेश में बेटियों की शिक्षा में बड़ा परिवर्तन करते हुए नौवीं से लेकर बारहवीं तक शिक्षा ग्रहण करने व उसके बाद डॉक्टर व इंजीनियर बनने वाली बेटियों की पढ़ाई पूरी तरह से निशुल्क की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे आने वाले चुनाव में दुष्यंत को आशीर्वाद दे तो विधान सभा में स्वयं वकील बनकर प्रदेश की महिलाओं की हकों की रक्षा करेंगी। उन्होंने भाजपा पर बरसते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाई का नारा देने वाली भाजपा सरकार में ही महिलाओं पर सबसे अधिक अत्याचार हुए हैं।
सभा में महिलाएं भारी संख्या में हरी चुनरी ओढ़ कर आई थी। कार्यक्रम की अध्यक्ष शीला भ्याना ने दुष्यंत व दिग्विजय को पार्टी से निकालने वाले लोगों को नाम लिए बिना कड़े प्रहार किए। उन्होंने रामपाल माजरा पर बरसते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में कलायत की जनता उनकी असली जगह दिखा देगी। सभा को राजेंद्र लितानी, उकलाना के विधायक अनूप धानक, डीडी शर्मा, प्रोफेसर रणधीर सिंह, अवतार सिंह, पूर्व सरपंच नर सिंह पूनिया, भागल के मौजूदा सरपंच रामेश्वर दास, शमशेर पुनिया, डा. सुखविंद्र कौर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बलवान कोटड़ा, सूबे सिंह कुराड़, सुनिता कोटड़ा, राजा राम कसान, मांगे राम ढुल, रणदीप कौल, रोशन ढ़ांडा, धर्मपाल छोत, कुड़ा राम कोयल, ओम प्रकाश खेड़ी सेरखां, बचन सिंह माजरी, श्याम सिंह सरोला, पिरथी सीड़ा, बलवंत हरिगढ़, भरत हरिगढ़, चंद्रभान दयोरा, मंजू जागलान, राजू पाई, जसबीर माजरा, उदय सिंह हरिगढ़, कन्नू राम वाल्मीकि, सुरेंद्र बाल्मीकि, प्रीतम आर्य, बलकार सिंह सीवन, रूबल शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।