जींद में 17 को होने वाली बैठक में होगा इनेलो के भविष्य का फैसला
कलायत में रैदास तख्त पर पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने की पूजा अर्चना
कहा- कांग्रेसी वे लोग हैं, जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ बैठकर थाली में खाना खाते हैं, हम तो इनेलो में पैदा हुए थे, दूसरी पार्टी में जाने की नहीं सोच सकते
फोटो संख्या-33
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। आगामी 17 नवंबर को जींद में होने वाली बैठक में इस बात का फैसला हो जाएगा कि इनेलो का भविष्य क्या होगा। शुक्रवार देर शाम कलायत के रैदास तख्त पर पहुंच कर दिग्विजय चौटाला ने पूजा-अर्चना की।
पत्रकारों से बात करते हुए दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि हमारा लक्ष्य सत्ता का सुख भोगना नहीं बल्कि लोगों के बीच में रह कर उनकी सेवा करना है। चंडीगढ़ व दिल्ली के बंद कमरों में बैठ कर पार्टी के भविष्य का फैसला नहीं किया जा सकता। लोकदल की परंपरा लोगों के बीच में रह कर कार्य करने की रही है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत में प्रदेश का युवा प्रदेश का भविष्य देखता है। यदि दुष्यंत के पक्ष में कोई नारा लग गया तो वह पार्टी का विरोध कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि उन पर कांग्रेसी होने का आरोप लगाया गया। रैली में इनेलो के विरोध में नारे नहीं लगे तो वे कांग्रेसी कैसे हो गए। कांग्रेसी वो लोग हैं, जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ थाली में खाना खाते हैं। जो खट्टर के साथ सलाह मशविरा करते हैं वो बीजेपी के हैं। उन्होंने कहा कि हमारा तो जन्म ही इनेलो में हुआ है और हम किसी और पार्टी में जाने की सोच भी नहीं सकते। कांग्रेस में जाएंगे वो लोग जो दूसरों के साथ साठ-गांठ करते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अजय सिंह चौटाला राष्ट्रीय महामंत्री हैं। उन्होंने महामंत्री होने के नाते बैठक बुलाई है। ताकि हड़बड़ी में लिए गए फैसलों पर पुनर्विचार व खुली चर्चा की जा सके।
जींद की बैठक में अभय चौटाला को निमंत्रण के बारे में पूछे गए सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि पार्टी महासचिव द्वारा सभी को खुला निमंत्रण दिया गया है। किसी को अलग से निमंत्रण नहीं भेजा जा रहा। 2019 में ओमप्रकाश चौटाला ही मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके लिए सभी को मिल कर प्रयास करने होंगे। इस मौके पर डॉ. प्रीतम सिंह कौलेखां, सतीश राणा, ओमप्रकाश काला, सूबे सिंह कुराड, सुच्चा सिंह, बलकार, दरबारा कुराड, जगबीर दुब्बल, भंवर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।