लिंग जांच के मामलों में एफआईआर दर्ज करवाएं अधिकारी : गुप्ता
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता ने कहा कि अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्रों में लिंग जांच के मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार अब एफआईआर दर्ज करके कोर्ट में मामला चलाया जाए। ऐसे मामलों में अब सर्वोच्च न्यायालय ने भी कड़ा संज्ञान लिया है।
राकेश गुप्ता बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के डीसी, एसपी, जिला न्यायवादियों तथा सिविल सर्जनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। जिला कैथल में पिछले तीन मास में लिंगानुपात सुधारने की दिशा में कारगर पहल हुई है और यह प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए। पुलिस महानिदेशक द्वारा इस संदर्भ में जारी हिदायतों की अनुपालन सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर डीसी, एसपी आस्था मोदी, एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम कमलप्रीत कौर, जगदीप 0ंह, सुरेंद्र पाल, नगराधीश सुशील कुमार, डीएसपी सुल्तान सिंह, जिला न्यायवादी इंद्र दीप आदि अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।