समाज कल्याण विभाग ने जिंदा महिला को रिकॉर्ड में दिखाया मृत
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। समाज कल्याण विभाग ने एक जीती जागती महिला को अपने रिकार्ड में मृत घोषित कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। कलायत के वार्ड नंबर 5 की एक विधवा रामकली देवी उस समय सन्न रह गई जब उसने समाज कल्याण विभाग की पेंशन स्टेटस रिपोर्ट में स्वयं को मरा हुआ घोषित देखा।
रामकली ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व उसके पति का देहांत हो गया था। वह तभी से सरकार द्वारा दी जाने वाली विधवा पेंशन हासिल कर अपने परिवार का पालन कर रही है। पिछले करीब दो माह से उसकी पेंशन नहीं आ रही थी जिसको लेकर वह विभाग के चक्कर लगा रही थी। इस विषय में विभाग से कोई भी जानकारी न मिलने पर उसने कलायत के समाज सेवी संजय सिंगला से संपर्क किया। संजय सिंगला ने समाज कल्याण विभाग की साइट पर जाकर पेंशन लाभार्थी का खाता नंबर 3038738 चेक किया तो उसमें लाभार्थी का स्टेटस डेड लिखा हुआ मिला। रामकली ने कहा कि वह सही सलामत व जिंदा है तथा पिछले 20 वर्षों से विधवा पेंशन हासिल भी कर रही है तो उसका स्टेटस मृत लिखना हैरान करने वाला है। उन्होंने मांग की है कि विभाग की लिस्ट में उसका स्टेटस बदला जाए और गलती करने वाले कर्मचारी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कलायत समाज कल्याण विभाग की कर्मचारी निशा ने बताया कि वे इस समय कलायत में हैं तथा उनके पास कोई रिकार्ड नहीं है। इसका पूरा रिकार्ड जिला कार्यालय में मौजूद है। यदि कोई गलती हुई है तो नगरपालिका इस बारे में लिख कर देगी और समाज कल्याण विभाग उसे चंडीगढ़ कार्यालय में भिजवा देगा। उसके बाद लाभार्थी का पेंशन स्टेटस बदलने के बाद उसकी पेंशन शुरू हो सकेगी।
- डेड स्टेटस पर की विधवा पेंशन बंद
फोटो नंबर- 26 ओर 27