चाय, नाश्ता और डिनर के माध्यम से तैयार हो रही है चेयरमैनशिप की रेसिपी
13 पार्षदों की अंबाला रोड मॉडल टाउन में बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। भाजपा से असंतुष्ट 13 पार्षदों की रविवार को अंबाला रोड स्थित मॉडल टाउन में बैठक हुई। जिसमें पार्षदों ने एकजुटता दोहराते हुए संकल्प लिया कि उन्हीं 13 में से अगला चेयरमैन चुना जाएगा। इन पार्षदों का कहना है कि अब वे भाजपा से नाराज नहीं हैं। वे केवल यशपाल प्रजापति से नाराज थे। घंटों तक चली मीटिंग में कई अहम मुद्दो पर बातचीत हुई। चेयरमैन पद के लिए 13 पार्षद एकजुटता का परिचय देना चाहते है।
13 पार्षदों में कुलदीप सैनी, महेन्द्र थेरजा, नरेश मित्तल, धर्मबीर भोला, सुरेश कश्यप, विनोद सोनी, पार्षद प्रतिनिधि दलबीर भान, भीम सैन अग्रवाल, कृष्ण मित्तल सहित अन्य मौजूद रहे।
कभी चाय तो कभी डीनर तो कभी नाश्ता, चेयरमैनशिप की तैयार हो रही है रेसिपी : अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के तुरंत बाद से 13 पार्षद अपनी एकजुटता दिखा रहे हैं। कभी किसी पार्षद के घर डीनर पर, कभी नाश्ते पर तो कभी चाय पार्टी पर ये सभी पार्षद अपनी एकजुटता बनाए हुए हैं। इन पार्षदों का कहना है कि उनका एक ही प्रयास है कि पार्षद उन्हीं 13 में से ही कोई एक पार्षद बनें। ना तो वे जाति के आधार पर बंटेंगे और ना ही पार्टी या अन्य किसी मुद्दे पर। वे सभी 13 एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे। चेयरमैन का फैसला सर्वसम्मति से होगा। इसके लिए जब भी उपयुक्त समय आएगा, तभी फैसला लिया जाएगा।
चेयरमैन पद के लिए इन नामों पर बन सकती है सहमति
चेयरमैन पद के लिए 13 पार्षद नरेश मित्तल, पूजा अग्रवाल, महेन्द्र थरेजा सहित अन्य एक नाम पर विचार विर्मश कर रहे हैं।