हरियाणा में शुरू की जाएगी प्रीपेड बिजली सेवा : मुख्यमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सरकार का बिजली विभाग में सुधार पर विशेष ध्यान है। सरकार मोबाइल रिचार्ज की तरह से चिप सिस्टम बनाकर बिजली का खाता खोलेगी। उसमें जितने दिनों तक बिजली दरों के अनुसार पैसे होंगे, उतने दिनों तक बिजली मिलेगी। जैसे ही राशि खत्म हो जाएगी, बिजली भी खत्म हो जाएगी। इससे प्रदेश में बिजली चोरी भी रुकेगी और लोग बिल भी भरेंगे। आरकेएसडी कॉलेज सभागार में बिजली विभाग संबंधी शिकायतों पर सीएम ने कार्यकर्ताओं को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली विभाग संबंधी शिकायतों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यकर्ता सरकार की इन नीतियों के बारे में जनता को अधिक से अधिक जानकारी दें। वहीं इससे पूर्व खुले दरबार में भी बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें ज्यादा आने पर सीएम ने आदेश जारी किए कि बिजली विभाग के अधिकारी गांव दर गांव जाकर लोगों की शिकायतें सुनें। बिजली के बिल गलत न बनाएं जाएं।