प्रशासनिक अनुमति मिलने वाली योजनाओं पर काम शुरू करें अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी संजय जून ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित जिन परियोजनाओं की प्रशासनिक अनुमति मिल चुकी है, उन परियोजनाओं के शिलान्यास करवाकर काम शुरू किया जाए। जो परियोजनाएं पूरी की जा चुकी है, उनके उद्घाटन की पूरी तरह से तैयारी की जाए। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गई विभिन्न विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय मूंदड़ी, गांव बाऊपुर का स्टेडियम, कैथल से अंबाला रोड फोर लेन, करनाल रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज, माता मंदिर कैथल स्थित सूरजकूंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलायत, लघु सचिवालय कलायत, कलायत के पॉवर हाऊस का भवन, बड़सिकरी का 33 केवी सब स्टेशन भवन, सामुदायिक भवन वार्ड 11 कलायत, सिसमौर से सौंगल सड़क, लोक निर्माण विश्राम गृह का कलायत भवन के अतिरिक्त चीका में बनने वाले लोक निर्माण विश्राम गृह के भवन का शिलान्यास शीघ्र करवाया जाना है। इसके अतिरिक्त उप तहसील भवन ढांड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कौल के भवन का उद्घाटन भी शीघ्र करवाया जाएगा।
यह घोषणाएं जिस स्तर पर लंबित हैं, संबंधित अधिकारी उसी स्तर पर पैरवी करके इन घोषणाओं को पूर्ण करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों को इन विकास कार्यों का अविलंब लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियांवयन की समीक्षा की जानी प्रस्तावित है।