कैथल। पिछले करीब एक सप्ताह से पड़ रही भयंकर गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। शुक्रवार को दोपहर तक पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। जिसके बाद मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद शाम के समय धूल भरी आंधी चली। जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। इसके साथ ही आसमान में बादल छा गए। धूल भरी आंधी के साथ सडक़ों पर रेत उड़ती दिखाई दी। बादलों के कारण अंधेरा छाने और धूल के कारण लोग सडक़ों पर लाइटें जलाकर चलते दिखाई दिए। हालांकि आंधी आने के बाद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई, लेकिन गर्मी थोड़ी कम हो गई। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली हवा में 22 प्रतिशत तक नमी दर्ज की गई।
कृषि महाविद्यालय कौल के मौसम वैज्ञानिक डॉ. रमेश वर्मा ने कहा कि अगले सप्ताह तक जिले का तापमान कम रहेगा। हल्की बरसात होने की भी संभावना है। किसानों को चाहिए कि ऐसे मौसम में खेतों में ढैंचा या अन्य खाद देने वाली फसल उगाएं। इससे जमीन की उर्वरा शक्ति और ज्यादा बढ़ेगी।