जिले के अधिकतर विभागों का अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से समस्याएं निपटाने में दयनीय प्रदर्शन
विभाग मुख्यालय से आए अधिकारी ने जवाब मांगे तो बगले झांकते नजर आए कई विभागों के अधिकारी
मुख्यमंत्री सुशासन प्रकोष्ठ की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
फोटो संख्या-23 व 24
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिले के कई विभागों की अंत्योदय सरल केंद्र पर प्रदर्शन काफी दयनीय है। जिसके लिए मंगलवार को इन विभागों के अधिकारियों की खिंचाई की गई। साथ ही उन्हें निर्देश दिए गए कि वे अपने विभागों से संबंधित समस्याओं के लिए लोगों को सरल केंद्र पर जाने के लिए प्रेरित करें। ताकी सीधा लोग उनके कार्यालयों के चक्कर काटने की बजाए एक ही केंद्र अंत्योदय भवन में जाकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकें। डीसी व विभाग मुख्यालय से आए अधिकारियों ने जब सरल पोर्टल के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेनी चाही तो वे बगले झांकते नजर आए। डीसी डा. प्रियंका सोनी ने कहा है कि वे इस पूरे काम की अब नियमित तौर पर समीक्षा करती रहेंगी। जिले का स्कोर जो इस समय 8.5 है, उसे बढ़ाकर विभागों की परफार्मेंस वाले डैश बोर्ड पर 9.5 करना है।
कई विभागों के अधिकारियों की हुई खिंचाई : लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा कार्यक्रम में लेबर विभाग, पशुपालन, मार्केटिंग बोर्ड, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, हरिजन कल्याण निगम व कई अन्य विभागों के अधिकारियों के ऑनलाइन सेवाओं के सरल पोर्टल पर काफी कम सक्रियता के कारण जवाब तलब किया गया। डीसी ने अधिकारियों को इस बारे में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दे डाली। कई अधिकारियों से जब डैशबोर्ड के बारे में जानकारी लेनी चाही तो कर्मचारी व अधिकारी चुप्पी साधे नजर आए। बाद में विस्तार से विभागीय अधिकारियों ने सरल केंद्र की जानकारी दी।
डीसी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित स्कीमों व सेवाओं के आवेदन अंत्योदय सरल के माध्यम से लेना सुनिश्चित करें ताकि जनता को एक ही छत के नीचे सरकार द्वारा चलाई गई सभी सेवाओं का लाभ मिल सके।
अधिकतर विभाग कमजोर, तेजी लाने के निर्देश : मंगलवार को मुख्यमंत्री सुशासन प्रकोष्ठ की ओर से लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए कि वे अपने विभाग की सरल अंत्योदय केंद्र के माध्यम से संचालित योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी देें। इसके लिए पोस्टर, बैनर पर्चे बंटवाएं। अधिकतर विभागों की इस मामले में स्थिति काफी कमजोर निकली। मुख्यमंत्री सुशासन सेल के प्रतिनिधि सोहेल मनोचा ने अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए बताया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने तथा सरकारी कार्यों में पारदर्शिता लाने के मकसद से सुशासन दिवस पर सीएम मनोहर लाल ने 115 सरल केंद्रों की लॉन्चिंग करके 485 सेवाओं को जोड़ा है।
मौके पर एडीसी सतबीर कुंडु, गुहला के एसडीएम संजय कुमार, नगराधीश जोगेंद्र हुड्डा, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अंजली शर्मा व चंद्राणी रॉय, डीआईओ दीपक खुराना, सीमा रानी, जगदीश चंद्र, चेतना चौधरी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।