आम जनता को दलालों से छुटकारे के लिए अंत्योदय भवन निगरानी रखी जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। करनाल में आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में कैथल व करनाल जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों ने अंत्योदय भवन, सरल केन्द्रों, हरपथ व सक्षम शिक्षा परियोजना की समीक्षा की। जिसमें सीएम के सुशासन सहयोगी के परियोजना निदेशक व स्कूल शिक्षा विभाग के महानिदेशक डॉ. राकेश गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। गुप्ता ने कहा कि आम जनता को दलालों से छुटकारा दिलवाने के उद्देश्य से प्रत्येक अंत्योदय भवन व सरल केन्द्रों पर नागरिकों की सुविधा के लिए नए प्रावधान किए जा रहे हैं। टोकन मिलने के बाद किसी भी नागरिक को सेवा उपलब्ध कराने में 30 मिनट से ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए। नागरिकों की सुविधा के लिए सभी केन्द्रों पर साइनेज बोर्ड, हेल्प लाइन नंबर, सिक्योरिटी गार्ड तथा सीसी टीवी कैमरे की व्यवस्था करवाई जा रही है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके। इस मौके पर डीसी धर्मवीर सिंह, एडीसी सतबीर सिंह कुंडु, एडीसी कमलप्रीत कौर, संजय कुमार व जगदीप सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीपक खुराना, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी चंद्रानी रॉय, उप जिला शिक्षा अधिकारी दलीप सिंह, सुदेश, लोक निर्माण विभाग तथा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कार्यकारी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।