भाजपा सरकार किसान मजदूर विरोधी सरकार
फोटो नंबर-40
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। अखिल भारतीय किसान सभा ने मांगो के समर्थन में उप तहसील कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता रामकुमार नंबरदार ने की। प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार के रीडर को सौंपा। समिति के जिला प्रधान महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसान मजदूर विरोधी सरकार है। जिला प्रधान ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार कुंभकरण की नींद सोई हुई है। किसान सभा किसानों को गांव गांव जाकर लंबे आंदोलन के लिए किसानों को तैयार करेगी और आने वाले चुनाव में इस किसान विरोधी सरकार का डटकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में निहत्थे किसानों पर जो लाठीचार्ज किया गया किसान सभा इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने बताया कि किसानों की मुख्य मांगे खरीफ की सभी खराब हुई फसलों की गिरद्वारी करवाकर सभी पीड़ित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, 2017-18 के आगजनी के लंबित मुआवजे को तुरंत प्रभाव से किसानों को दिया जाए, सभी जिन्सों के मूल्य पर खरीद करना सुनिश्चित किया जाए, धान पर 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए। इस सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मांगे राम किठाना, अभे राम, सुखपाल खुराना सभी जिला कमेटी के सदस्य के साथ गांव रोहेड़ा, सौंगरी गुलियाणा, माजरा, कोटड़ा, किच्छाना के गांवों के किसान भी मौजूद थे।