ट्रक ने मारी टक्कर, सिर और छाती में चोट लगने से एएसआई की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला अस्पताल के सामने सोमवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से एक पुलिस कर्मचारी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि सिर और छाती में चोट लगने से जान गई। पुलिस ने बताया कि यह नहीं पता लगा है कि हेलमेट पहना था या नहीं।
नरवाना के गांव दबलैन निवासी एएसआई जयपाल (48) अस्पताल में स्थित कैदी वार्ड में स्थित ड्यूटी पर तैनात थे। वे सोमवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद शहर की ओर नाश्ता करने के लिए जा रहे थे। अस्पताल के सामने स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचते ही राजस्थान का ट्रक कैथल की ओर से आ रहा था। इस पर उनकी मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा ड्राइवर की जानकारी जुटाकर उसके खिलाफ धारा 304 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उधर, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर राकेश मित्तल ने बताया एएसआई की मौत सिर और छाती से चोट लगने से हुई है।
2027 में होना था रिटायर
एएसआई जयपाल को वर्ष 2027 में रिटायर होना था। रिटायरमेंट से पहले की उसकी ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। मामले में जांच अधिकारी शमशेर ने बताया कि राजस्थान के ट्रक ने पुलिस कर्मचारी को टक्कर मारी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पर एएसआई रोहताश की शिकायत पर धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।