कैथल में साढ़े बारह करोड़ की संपत्ति का मालिक है डेरा सच्चा सौदा
- जिला प्रशासन द्वारा अचल संपत्ति की कीमत का किया गया मूल्यांकन, हाईकोर्ट द्वारा मांगी गई थी रिपोर्ट
- सबसे ज्यादा कैथल में 5 करोड़ 60 लाख रुपये की अचल प्रॉपर्टी
नसीब सैनी
कैथल। देश के धनी डेरों में शुमार डेरा सच्चा सौदा सिरसा की अकेले कैथल जिले में लगभग साढ़े बारह करोड़ की अचल संपत्ति है। जिसका आंकलन कर जिला प्रशासन द्वारा सरकार को रिपोर्ट भेजी गई है। हालांकि इसमें बैंक खातों अथवा अन्य चल संपत्ति का ब्योरा नहीं है। सबसे ज्यादा कैथल डेरे में 5 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का आंकलन किया गया है।
शुक्रवार को हुई हिंसा के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए थे कि हिंसा में जो भी नुकसान होगा। उसकी भरपाई डेरे की प्रॉपर्टी से करवाई जाएगी। इसके लिए डेरे की प्रॉपर्टी बेचने व हस्तांतरित करने पर रोक लगा दी गई थी। इन्हीं आदेशों के तहत जिला प्रशासन को प्रॉपर्टी का आंकलन करने के निर्देश जारी किए गए थे।
कैथल में इन आदेशों के पालन में सभी ब्लॉकों में तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों की ड्यूटी लगाई गई। जिसमें पूरे जिले में रविवार शाम तक मोटे अनुमान के अनुसार करीब साढ़े बारह करोड़ की जमीन व भवन संबंधी प्रॉपर्टी का पता चल पाया है। अभी बैंक खातों आदि के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।
कैथल शहर में जिले के सबसे बड़े दो डेरे हैं। यहां कुल 11 एकड़ 18 मरले जमीन है। साथ ही दोनों जगह भवन भी खड़ा है व मुख्य डेरे में एक कैंटीन भी है। इसे अलावा यहां एक वॉल्वो बस, पानी का टैंकर व अन्य सामान मिला। कुल प्रॉपर्टी में इस डेरे में जमीन की कीमत मुख्य डेरे में 5 करोड़ 60 लाख रुपये व पुराने डेरे की जमीन की कीमत 3 करोड़ 65 लाख 12 हजार 500 रुपये आंकी गई है। साथ ही बस व कैंटीन सहित अन्य सामान की कीमत करीब 41 लाख रुपये आंकी गई है।
गुहला में छोटे-बड़े 6 डेरों जमीन व भवन की 1 करोड़ 43 लाख आंकी गई है। इसमें गुहला-चीका, सलेमपुर, बौपुर सहित कई गांवों के डेरों की कीमत शामिल है।
इसके बाद पूंडरी में एक एकड़ 6 कराल व 2 मरला जमीन है। यहां जमीन की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपये व भवन सहित सामान की कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है।
राजौंद के कोटड़ा में स्थित डेरे में एक एकड़ में बने डेरे में जमीन की कीमत 15 लाख तो सामान व भवन की कीमत 15 लाख के साथ कुल 30 लाख रुपये आंकी गई।
कलायत में 2 कनाल 10 मरले में डेरा है। जिसमें जमीन की कीमत 16 लाख 35 हजार 500 रुपये व सामान व अन्य प्रॉपर्टी की कीमत 7 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।
गांव जाजनपुर में भी डेरे की कीमत का आंकलन किया गया। यहां 6 करनाल 17 मरले जमीन की कीमत 27 लाख 40 हजार व सामान की कीमत 5 लाख रुपये आंकी गई।
सीवन में एक एकड़ में डेरा है। जिसकी कीमत भवन सहित 49 रुपये आंकी गई है।
कैथल में 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
शुक्रवार को डेरा प्रमुख को दोषी करार देने के बाद हुई हिंसा में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। इसके लिए 15 लोगों ने आवेदन फार्म भरे हैं। यदि माननीय हाईकोर्ट प्रॉपर्टी अटैच कर नुकसान की भरपाई के आदेश जारी करता है तो जिले में एक डेरे से ही लगभग 50 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई की जा सकेगी।
डीसी सुनीता वर्मा ने बताया कि माननीय कोर्ट के आदेशानुसार डेरे की प्रॉपर्टी व नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है। प्रॉपर्टी की कीमत करीब साढ़े बारह करोड़ रुपये अनुमानित है।