किक बाक्सिंग में रोहित ने गोल्ड और तमन्ना ने जीता सिल्वर
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय किक बाक्सिंग प्रतियोगिता मेें ज्योति फ्लावर स्कूल चूहड़माजरा के खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल हासिल कर स्कूल व गांव का नाम रोशन किया है। जिससे स्कूल व गांव में खुशी का माहौल है। मेडल जीत कर स्कूल में पहुंचने पर स्कूल के संचालक जसमेर सिंह व सरपंच सतपाल फौजी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल संचालक जसमेर सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन में किसी एक खेल को लक्ष्य बनाकर अवश्य खेलें। खेलों से जहां शारीरिक क्षमता बढ़ती है। वहीं खेलों में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल स्थान हासिल करने पर सरकार द्वारा सरकारी नौकरियां दी जाती है। खेल केवल खेल के मैदान तक सीमित न रहकर आज रोजगार के अवसर बन गए है। स्कूल के पीटीआई धर्मवीर गोलन ने बताया कि जिला स्तरीय किक बाक्सिंग प्रतियोगिता में रोहित ने गोल्ड मेडल, गुरप्रीत ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 32 किलो भार वर्ग में सोहल ने गोल्ड, गुरदेव ने सिल्वर, वरुण ने कांस्य पदक तथा 37 किलो भार वर्ग में हैप्पी सिल्वर सागर ने कांस्य, 42 किलो भार वर्ग में विरेंद्र ने सिल्वर, दिनेश शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किए। लड़कियों में 37 किलो भार वर्ग में तमन्ना ने सिल्वर तथा पायल ने कांस्य पदक हासिल किया। इस अवसर पर स्कूल का स्टाफ भी मौजूद रहे।