हुडा सेक्टर 19 के पार्ट दो सीवर के ढक्कन टूटे, हादसों का है खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हुडा सेक्टर 19 के पार्ट दो में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। इसके साथ ही अन्य सुविधाओं का भी हाल बुरा है। यहां रहने वाले लोगों के मुताबिक यह नाम से हुडा का क्षेत्र है, लेकिन यहां पर गांवों से बुरा हाल है। यहां कई-कई दिनों तक सफाई नहीं होती जिस कारण यहां पर बदबू का आलम रहता है। कॉलोनी की हर गली में सीवर के ढक्कन तक ठीक ढंग से नहीं रखे गए है। जिस कारण लोगों को हादसों का शिकार होना पड़ता है।
पार्कों का बुरा हॉल :
हुडावासी प्रेमचंद गुप्ता ने बताया कि जब से हुडा के सेक्टरों की देखरेख नगर परिषद के हाथ में आई है तभी से यहां पर यह हाल है कि पार्क का घास काफी बढ़ गया है। जिससे बारिश के समय में जहरीले जीवों के काटने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि जब यह हुडा के अंडर था तो यहा सही तरीके से सफाई होती थी। लेकिन अब इसकी सफाई को कई महीने बीत जाते है।
सीवर के ढक्कन टूटे
हुडावासी अशोक ने बताया कि यहां पर अधिकतर गलियों में सीवर के ढक्कन टूटे है। यह ढक्कन टूटने के कारण इसपर ईंटें लगाई गई है। जिससे हादसे का हमेशा खतरा बना रहता है। शिकायत देने के बावजूद भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
बारिश के समय होता जलभराव
हुडावासी अमित ने बताया कि बारिश के समय यहां जलभराव होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सभी गलियां जलमग्र हो जाती है और सीवरेज ओवरफ्लो। लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी इसे दुरुस्त करने की जहमत तक नहीं उठाता।
शिकायत दी, होगा समाधान
वार्ड नंबर 10 की पूजा अग्रवाल ने बताया कि समस्या को लेकर हुडा को कई बार शिकायत दी गई हे। लेकिन इस पर अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके लिए आला अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए मांग पत्र दिया जाएगा।