पूंडरी की महिला आईटीआई के आधुनिक भवन में चलाए जाएंगे नए कोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पूंडरी में बेटियों के लिए राजकीय आईटीआई महिला के लिए नए भवन का निर्माण करवाया गया है। आधुनिक तर्ज पर बने इस भवन में सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। इसके साथ ही यहां पर बेटियों के लिए विभिन्न प्रकार के आधुनिक इंजीनियरिंग व नॉन इंजीनियरिंग कोर्स चलाए गए हैं। आईटीआई में बेटियों के लिए सात कोर्स चलाए हैं। यह सभी कोर्स बेटियों को रोजगार व स्वरोजगार दिलाने में अहम साबित होंगे। हालांकि पूंडरी में आईटीआई महिला पहले भी चलाई जा रही थी लेकिन भवन व अनुदेशकों की कमी थी लेकिन अब सरकार द्वारा यहां पर आधुनिक भवन बनाते हुए सभी अनुदेशकों की नियुक्ति कर दी गई है ताकि बेटियों को आधुनिक प्रकार का प्रशिक्षण मुहैया करवाया जा सके।
20 तक भरे जा सकेंगे फार्म
वर्तमान में विभाग ने आईटीआई में दाखिले के लिए ऑनलाइन फार्म मांगे हैं। इन कोर्सों में दाखिले के लिए बेटियां 20 जुलाई तक आनलाइन फार्म आवेदन कर सकती हैं। बेटियों के लिए कोई भी आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है। बेटियां कहीं भी से फार्म आनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
विभाग देगा सभी प्रकार का प्रशिक्षण खर्च
राजकीय आईटीआई में चलाए जा रहे कोर्सों पर होने वाला सभी प्रकार का खर्च विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। बेटियों को किसी भी प्रकार का खर्च नहीं उठाना होगा। इसके साथ ही राज्य परिवहन द्वारा भी बेटियों के लिए नि:शुल्क बस पास की सुविधा मुहैया करवाई गई है।
इस प्रकार करें आवेदन
राजकीय आईटीआई महिला पूंडरी में दाखिले के लिए संस्थान में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। बेटियां वहां से अपना फार्म आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए बेटियों से किसी भी प्रकार की फीस नहीं ली जाती। इसके अलावा बेटियां किसी भी कंप्यूटर सेंटर से आईटीआई हरियाणा की वेबसाइट पर जाकर अपना फार्म ऑनलाइन अपलोड करवा सकती हैं।
छात्राओं को दी जाएगी छात्रवृत्ति
छात्रवृत्ति राजकीय आईटीआई में बेटियों के दाखिले को लेकर विभाग द्वारा छात्रवृत्ति योजना भी चलाई गई है। इस योजना के तहत संस्थान में दाखिला लेने वाली सभी बेटियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है। इसके साथ ही टूल किट की खरीद के लिए भी एक हजार रुपये मुहैया करवाए जाते हैं।
संस्थान में ये चलाए जा रहे हैं कोर्स
बेसिक कोस्मैटोलाजी- 40
कोपा = 20
डीएमसी- 20
इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक- 20
होस्पीटिलिटी हाउस कीपिंग-40
सीविंग टैक्नोलाजी-16
सरफेस ओरनामैंटेशन टैक्निक- 16
संस्थान में दाखिले के लिए बेटियां 20 जुलाई तक आनलाइन फार्म भर सकती हैं। यह फार्म संस्थान या किसी भी कंप्यूटर केंद्र से भरा जा सकता है। मेरिट के अनुसार छात्राओं को संबंधित कोर्स में 24 जुलाई को सीट आवंटित की जाएगी तथा 25 से 28 तक दाखिले किए जाएंगे।
रमेश चन्द सैनी, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई पूंडरी