कैथल। पुलिस टीमों ने शुक्रवार रात को अलग-अलग स्थानों से तीन नशा तस्करों को काबू कर उनके पास से 16 ग्राम हेरोइन चिट्टा, 6 किलो 200 ग्राम डोडापोस्त व 570 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद की है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर हितेंद्र सिंह की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम शाम के समय सीवन बाईपास चौक पर मौजूद थी। जहां गुप्त जानकारी मिली कि सिरटा रोड निवासी रोहित उर्फ ईशु अपने घर में नशीला पदार्थ रखे हुए है। पुलिस ने योजना अनुसार आरोपी रोहित को काबू कर लिया उसके कब्जे से 570 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद हुआ।
दूसरे मामले में थाना प्रबंधक राजौंद सब इंस्पेक्टर रामलाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने पूंडरी रोड सेरधा स्थित जगदंबा भट्टा के पास दबिश देकर संदिग्ध पाई निवासी हरदीप को काबू किया। उसके पास से 16 ग्राम हेरोइन चिट्टा बरामद किया। उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इसी प्रकार से एक अन्य मामले में चौकी महमूदपुर प्रभारी एएसआई पारस की टीम ने गांव दाबन खेड़ी निवासी प्रीतम सिंह को 6 किलो 200 ग्राम डोडापोस्त सहित काबू कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए एक दिन का रिमांड हासिल किया है।