संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत, सीवन, पूंडरी नगर पालिकाओं में अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए मतगणना 12 मार्च यानि बुधवार को होगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति ने दी है।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियों के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है व द्वितीय रेंडमाइजेशन 11 मार्च को होगा।
तीनों नगर पालिकाओं में 16-16 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिनकी गणना के लिए तीनों नगर पालिकाओं में आठ-आठ टेबल लगाई जाएंगी और चार राउंड में मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना टीम में प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाईजर, दो मतगणना सहायक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कलायत नगर पालिका के लिए नगर पालिका कार्यालय भवन में, पूंडरी नगर पालिका के लिए एंग्लो संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में तथा सीवन नगर पालिका के लिए राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
एसडीएम एवं कलायत आरओ अजय हुड्डा, कैथल एसडीएम एवं पूंडरी आरओ अजय सिंह, गुहला एसडीएम एवं सीवन आरओ कैप्टन प्रमेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारीगण मतगणना के कार्य को संपन्न करवाएंगे। उधर, कलायत नगर पालिका के रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि नगर पालिका के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना 12 मार्च को सुबह 8 बजे से होगी। शाम तक सारे परिणाम आ जाने की उम्मीद है।