गांव पाई की एक महिला को छह माह तक चक्कर काटने के बाद विधवा पेंशन तो नहीं मिली, लेकिन अटल सेवा केंद्र संचालक ने उसकी खुद की मृत्यु का प्रमाण पत्र महिला को दे दिया। महिला धन्नो देवी ने बताया कि उसके पति ओम प्रकाश की मृत्यु के बाद उसने विधवा पेंशन के लिए कागज गांव के अटल सेवा केंद्र पर ऑन लाइन तैयार करवाए थे। वह पेंशन के लिए पिछले लगभग छह माह से कभी सेवा केंद्र तो कभी पूंडरी कार्यालय में चक्कर काट रही है। कल उसे पेंशन के लिए अटल सेवा केंद्र से एक कागज दिया गया था। सेंटर संचालक ने कहा था कि यह कागज उसकी विधवा पेंशन बंधवाने के लिए है। इसे पूंडरी में समाज कल्याण के कर्मचारी के पास जमा करवाना है। जब वह कागज लेकर पूंडरी गई तो वहां अधिकारियों ने वह कागज लेने से मना कर दिया व कहा कि यह पेंशन के लिए नहीं, बल्कि उसकी खुद की मृत्यु का प्रमाण पत्र है। महिला ने जिला प्रशासन व सरकार से मांग की कि उसकी पेंशन शुरू करवाई जाए।