कैथल। पुलिस ने गांव ग्योंग के सरपंच व ग्राम सचिव के खिलाफ तालाब के ठेकेदार से 50 हजार रुपये रिश्वत वसूली के आरोप में केस दर्ज किया है। ठेकेदार से तालाब का ठेका छोड़ने के नाम पर 3 लाख रुपये की रिश्वत राशि देने की बात तय हुई थी। जिसमें से 50 हजार रुपये वसूले गए। डीडीपीओ ने मामले की जानकारी होने की बात से इंकार किया है। वहीं आरोपी सचिव ने आरोपों को निराधार बताया है।
नरवाना के गांव धरौदी निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसने 23 अगस्त 2018 को गांव ग्योंग के तालाब की ओपन बोली दी थी। इसके लिए सरपंच व सचिव ने मिल कर उससे 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिसमें से उसने 50,000 रुपये नकद दे दिये तो उसने उसी समय उसकी वीडियो बना ली ताकि ये कोई धोखा न कर सकें। अब आरोपी उसका ठेका रद्द करने की धमकी दे रहे हैं। जबकि उसने 13,76,000 जमा करवाए हुए हैं। वे रिश्वत राशि न देने पर उसका ठेका रद्द करने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपी सरपंच विक्रम सिंह व सचिव योगेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वहीं आरोपी योगेश कुमार ने कहा कि ठेकेदार ने 1 लाख रुपये सिक्योरिटी राशि के दिए थे। इसके बाद शेष राशि देने की बात कही थी। जब उससे रुपये जमा करवाने की बात कही तो वह टाल-मटोल करता रहा। जो राशि उसने दी थी, वह पंचायत के खाते में जमा है। ठेकेदार ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। दूसरी ओर ग्राम सरपंच ने बार-बार संपर्क करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की।
उधर, डीडीपीओ कैथल ने कहा कि अभी यह मामला उनके संज्ञान में नहीं हैं। जानकारी मिलने पर ही कोई सूचना दी जा सकेगी।