कलायत। पिछले कई माह से बिजली बिलों में आ रही अनियमितता उपभोक्ताओं को परेशान किए जा रही है। गलत बिल आने की शिकायत करने वाले उपभोक्ताओं के बिल ठीक तो किए जा रहे हैं मगर इसके लिए हर बार बिजली विभाग कार्यालय के चक्कर लगाए जाने के कारण उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति गहरा रोष है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल जमा करवाने की अंतिम तारीख निकल जाने वर उन्हें जुर्माना सहित बिल जमा करवाना पड़ता है जबकि इसमें उनका कोई कसूर नहीं होता। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार मीटर रीडिंग लेने वाले कर्मचारियों द्वारा पूरी की जा रही है जिसके चलते आने वाला बिजली बिल उपभोक्ता के लिए पूरी तरह परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बिजली निगम कार्यालय में पहुंचे उपभोक्ता राजेंद्र कुमार, सतीश कुमार, जगदीश, रातरत्न व महिलाएं बिल ठीक करवाने के लिए पहुंची हुई थी। एक महिला द्वारा जहां 26,000 के करीब का बिल दिए जाने की बात कही जा रही थी तो दूसरी महिला ने बताया कि उन्हें 71,000 के करीब का बिल बिजली विभाग द्वारा थमाया गया।
बिजली निगम के उपमंडल अभियंता बीबी काला ने कहा कि उपभोक्ता बिल गलत आने की शिकायत लेकर आ रहा है, उसके मीटर की चेकिंग करवा कर बिल दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीटर की सही प्रकार से रीडिंग लेने व सही प्रकार से बिल वितरित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को जहां कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं वहीं किसी भी उपभोक्ता को बिजली विभाग से परेशानी न हो इस दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।