कैथल। पिछले डेढ़ महीने से शिक्षा विभाग व निजी स्कूल संचालकों के बीच विवाद खत्म होने के बाद सोमवार को निजी स्कूलों ने चयनित बच्चों को दाखिला दे दिया। जिससे अभिभावकों को राहत मिली है। सोमवार सुबह सभी निजी स्कूलों में 134 ए के तहत अभिभावक अपने बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए पहुंचे। जिसके बाद निजी स्कूलों ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्चों को दाखिला दे दिया।
जिले में 4000 बच्चों को मिले स्कूल, अभिभावकों को राहत:
बता दें कि 134 ए के तहत परीक्षा परिणाम आने के बाद जिले के 300 से अधिक स्कूलों में 4000 हजार से अधिक बच्चों को दाखिला न मिलने से अभिभावक काफी परेशान थे। दाखिला न होने से परेशान अभिभावक भी शिक्षा विभाग जिला प्रशासन के आला अधिकारियों और निजी स्कूलों के बीच पिसकर रह गए थे। लेकिन एसीएस राकेश गुप्ता द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक के बाद निजी स्कूलों की जल्द प्रतिपूर्ति राशि देकर दाखिला दिलवाने का आदेश हुआ। अब 4000 बच्चों की दाखिला प्रकिया शुरू हुई है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने बताया कि सोमवार से 134 ए के तहत दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसमें बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला मिल गया है।