मंडी प्रधान पर नही बन पाई सहमति
23 मार्च को होने वाली बैठक में व्यापारियों की लगेगी मुहर नये प्रधान के नाम पर
तीन उम्मीदवार हैं मैदान में
फोटो नंबर-36
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। कलायत अनाज मंडी प्रधान को लेकर श्री दुर्गा मंदिर में व्यापारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व मंडी प्रधान जयप्रकाश मित्तल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। बैठक में मौजूदा प्रधान जयदीप राणा ने पूरे वर्ष का लेखा जोखा रखा। नए अध्यक्ष को लेकर मांगे गए आवेदनों में जयदीप सिंह राणा, राजेंद्र राणा व राकेश गर्ग ने अपने नाम का प्रस्ताव रखा। तीनों ही नामों पर सदन में विस्तार से चर्चा हुई पर सहमति किसी नाम पर नही बन सकी। कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश ने अंतिम निर्णय लेते हुए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर 23 मार्च का दिन निर्धारित किया। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को अग्रवाल धर्मशाला में इस संदर्भ में सभी व्यापारियों की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में प्रयास रहेगा की एक नाम पर सहमति बना दी जाए। सहमति न होने की स्थिति में चुनाव की संभावना पर मित्तल ने कहा कि मंडी को बसे 50 वर्ष का समय हो गया है। एक बार भी ऐसी नौबत नहीं आई की प्रधान का चुनाव करवाना पड़ा हो। सदा ही सर्वसम्मति से ही अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है।