नारी शक्ति के दम पर जेजेपी बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार : नैना चौटाला
मटौर में आयोजित हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम को किया संबोधित
फोटो नंबर-35
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। डबवाली की विधायक नैना चौटाला ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में अपने आप को कम न आंके। जनसंख्या के लिहाज से भी महिलाओं की आधी भागीदारी होने के बावजूद भी राजनीति में महिलाओं का अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं है। जरूरी है कि महिलाएं राजनैतिक रूप से भी जागरूक हों, अपने मत के महत्व को समझें। नैना चौटाला मंगलवार को मटौर में जेजेपी महिला जिला अध्यक्ष अंजू जागलान द्वारा आयोजित हरी चुनरी चौपाल को संबोधित कर रहीं थी।
हरी चुनरी की चौपाल में उमड़ी महिलाओं और पुरुषों की भीड़ को देख कर नैना चौटाला गदगद नजर आई। उन्होंने कहा कि महिलाएं अकेले अपने दम पर एकजुट होकर किसी भी दल को सत्ता सौंपने में सक्षम हैं। प्रदेश में कांग्रेस का राज देख लिया, भाजपा का राज भी देख लिया, इस बार प्रदेश में जननायक जनता पार्टी को सत्ता में आने का मौका दें। प्रदेश में जेजेपी की सरकार बनने पर प्राथमिकता से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं की उम्र 55 व पुरुषों की उम्र 58 वर्ष होने पर 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। नैना ने रविदास जयंती पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि रविदास ने समाज को एकजुट करने और समानता लाने के लिए ताउम्र जागरूकता की लौ जलाए रखी। उन्होंने उनके दिखाए मार्ग पर चलने आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी। इस अवसर पर महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, विधायक पिरथी नंबरदार, अनूप धाणक, जिला प्रधान रणदीप कौल, महिला जिला अध्यक्ष अंजू जागलान, संजय जागलान, एडवोकेट वरुण ढांडा, कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र लितानी, धूप सिंह माजरा, राजू जुलानी खेड़ा, प्रीतम कौलेखां, रामेदेई रामगढ़, कूड़ा राम कोयल, बलवान कोटड़ा, सतीश राणा, कमलेश बलबेहड़ा, ओमप्रकाश जुलानीखेड़ा, जगदीश दुब्बल मौजूद रहे।