12 वर्षों बाद सामने आया उपप्रधानाचार्य पर गबन का मामला, डीएसपी की जांच के बाद केस दर्ज
- 2006 में बिना अनुमति के अवकाश पर रहीं शिक्षिका का वेतन भुगतान लिया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव नंदकरण माजरा के व्यवसायिक शिक्षा संस्थान में उपप्रधानाचार्य पर रुपयों का गबन करने का मामला सामने आया है। जिसमें राजौंद पुलिस ने वीईआई नंदकरण माजरा के तत्कालीन उपप्रधानाचार्य रामकुमार कुंडू के खिलाफ 63 हजार 582 रुपये के गबन का मामला दर्ज किया है। यह मामला 12 वर्ष पुराना वर्ष 2006 का है। मामले की जांच डीएसपी ने की, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया है।
शिव कालोनी जींद निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि रामकुमार कुंडू ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकार को हजारों रुपये राजस्व का चूना लगाया है। शिकायत में ओमप्रकाश ने बताया कि रामकुमार प्रधानाचार्य वीईआई नंदकरण माजरा ने जुलाई 2006 से दिसंबर 2006 तक 6 माह का मिनाक्षी देवी कंप्यूटर अनुदेशक का लाखों रुपये का वेतन, खजाना से निकलवाकर अपने पास रखा। क्योंकि मिनाक्षी देवी अनुदेशक इस दौरान बिना विभागीय अनुमति लिए और बिना अवकाश स्वीकृत करवाए आपसी तालमेल बैठाकर कैलिफोर्निया (अमेरिका) गई हुई थीं। प्रधानाचार्य ने जनवरी 2007 में इसके वापस आने पर हाजिरी रजिस्टरों पर पूर्ण हाजिरी लगवाई और वेतन भुगतान रजिस्टर पर भी आने के बाद हस्ताक्षर करवा लिए। इससे सरकार को दोहरा नुकसान हुआ पहले सरकार को कर्मचारी का वेतन निकलवाकर लाखों रुपये का गबन किया। दूसरा कर्मचारी की हाजिरी लगवाकर छुट्टियों का अनुचित लाभ दिया गया।
इस बारे में मैंने 05-07-2007 को आईबी मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर गवर्नमेंट इंडिया से आरटीआई 2005 के तहत सूचना मांगी थी। परंतु मुझे कोई जवाब नहीं मिला। अब वीईआई बंद हो चुकी है और सारा रिकार्ड आईटीआई कैथल के पास उपलब्ध है।
डीएसपी ने जांच में पाया कि मिनाक्षी त्यागी राजकीय व्यवसायिक शिक्षा संस्थान नंदकरण माजरा में कंप्यूटर टेक्निक अनुदेशक के पद पर नियुक्त थी। 15 जुलाई 2006 को वह 5 दिन का आकस्मिक अवकाश पर गई थी और दिसंबर 2006 तक संस्था से गैर हाजिर रही है। उस समय रामकुमार कुंडू निवासी सेक्टर-11 जींद बतौर उप प्रधानाचार्य नियुक्त था। डीडीई पावर भी उसके पास थी। उपरोक्त मिनाक्षी त्यागी की गैर हाजिर रहते हुए रिकार्ड में हाजिरी लगानी व उपरोक्त अवधि का वेतन ड्रा करना पाया है। डीएसपी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि जांच में गबन का मामला सामने आया है। केस दर्ज करा दिया गया है।
एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।