स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर पुलिस ने गुहला क्षेत्र में दिन भर की छापेमार कार्रवाई
400 से अधिक शराब की पेटियां बरामद, 343 पेटियों से भरा कैंटर पकड़ा
दिन भर क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा छापेमार अभियान
समाजसेवी जगजीत सिंह, भाजपा नेता रवि तारांवाली, संगीता व शैली मुंजाल ने की थी स्वास्थ्यमंत्री को शिकायत
मंत्री ने जारी किए थे शुक्रवार रात्रि 12 बजे तक छापेमारी के आदेश
रात के बाद शनिवार दिन भर जारी रही छापेमार कार्रवाई
फोटो संख्या-55
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गुहला-चीका में 100 से अधिक अवैध खुर्दों व शराब के ठेकों के अधिकारियों की मिलीभगत से चलाए जाने की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा रात 12 बजे तक छापेमार कार्रवाई के आदेशों के बाद कुछेक जगह रात को ही छापे मारे गए। इसके बाद शनिवार दिन भर यह छापेमार अभियान जारी रहा। जांच टीम में शामिल अधिकारी या तो पूरी जानकारी देने से बचते नजर आए या फिर उन्होंने फोन ही नहीं उठाया। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने जरुर देर रात्रि अपडेट किया कि पुलिस ने चीका क्षेत्र में एक कैंटर से 343 शराब की पेटियों के अलावा सात जगह छापेमार कार्रवाई कर 570 बोतल शराब बरामद की है।
विदित रहे कि समाजसेवी जगजीत सिंह ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को शिकायत की थी कि आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत के चलते गुहला क्षेत्र में 100 से अधिक शराब के अवैध खुर्दे व ठेके सरेआम चलाए जा रहे हैं। अधिकारी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। भाजपा नेता रवि तारांवाली, नेत्री संगीता व शैली मुंजाल ने इस शिकायत का समर्थन करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर विज ने उसी समय तहसीलदार कैथल, एईटीओ व डीएसपी हैडक्वार्टर की टीम बनाकर छापेमार कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। कुछेक जगह तो शुक्रवार रात को ही छापे मारे गए। इसके बाद शनिवार दिन भर गुहला क्षेत्र में टीम ने छापे मारे। जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। गुहला-चीका क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस ने इस दौरान पूरे क्षेत्र में 500 से अधिक शराब की पेटियां बरामद की हैं। लेकिन जांच टीम में शामिल एईटीओ अजीत सिंह ने कहा कि यह आंकड़ा सही नहीं है। देर रात्रि तक पूरी कार्रवाई को रिकॉर्ड में लिया जा रहा है। पूरी जानकारी के बाद ही बताया जा सकेगा कि कितनी शराब पकड़ी गई है। रविवार को डीसी कैथल को रिपोर्ट दे दी जाएगी।
कैथल तहसीलदार का कहना है कि एईटीओ ही सही जानकारी दे सकते हैं। वहीं बार-बार फोन करने के बावजूद डीएसपी तरण सैनी ने फोन नहीं उठाया।
एसपी बनाएं रहीं स्थिति पर नजर:-एसपी आस्था मोदी जरुर इस पूरे मसले पर नजर बनाए रहीं। उन्होंने बताया कि पुलिस व आबकारी विभाग द्वारा ठेका शराब तस्करो व अवैध खुर्दो पर शिकंजा कसते हुए 9 मामलों में 1 हजार 570 बोतल ठेका शराब देशी बरामद की हैं। थाना सीवन पुलिस के सबइंस्पेक्टर केहर सिंह ने नफे सिंह व विकास को निवासी सैर को 7-7,एचसी शीशपाल ने पूरण राम निवासी कांगथली को 7, जिला राम निवासी सुल्तानियां को 15 बोतल व 6 बीयर, आबकारी स्टाफ द्वारा गांव सींह ड्रेन पुल के पास अवैध शराब खुर्दे से 18 बोतल, 23 अद्दे, 10 पव्वे तथा 2 बीयर, आबकारी स्टाफ द्वारा ही थाना चीका तहत गांव बदसुई क्षेत्र में मिल्खा राम निवासी डडौत को 30 बोतल, 24 अद्दे, 50 पव्वे व 2 बोतल बीयर, ढांड पुलिस के सहायक उपनिरिक्षक हरपाल सिंह ने इसी गांव निवासी विक्रम सिंह के कब्जे से 12 बोतल तथा आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से 10 बोतल बरामद की हैं। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
चीका क्षेत्र में से पकड़ा शराब से भरा कैंटर:-एसपी आस्था मोदी ने बताया कि चीका पुलिस ने एसएचओ अजीत राय की अगुवाई में अवैध शराब से भरा कैंटर पकड़ा है। जिसमें करीब 343 देशी शराब की पेटियों में 4116 बोतलें बरामद की हैं। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।