छात्रों-नौजवानों से धोखा करने वाली सरकार को सिखाएंगे सबक
- एसएफआई की केंद्रीय कमेटी का राष्ट्रीय जत्था पहुंचा शहर
फोटो नंबर-06
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एसएफआई की केंद्रीय कमेटी का राष्ट्रीय जत्था जम्मू से पंजाब होते हुए रविवार को कैथल पहुंचा। इस दौरान जवाहर पार्क में पहुंचे एसएफआई कार्यकर्ताओं ने जत्थे में शामिल राष्ट्रीय नेताओं का फूल मालाओं से स्वागत किया। जत्थे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य होशियार सिंह, नीतीश नारायण, राजस्थान के राज्य अध्यक्ष सुनील पुनिया, हरियाणा अध्यक्ष शाहनवाज व केंद्रीय कमेटी सदस्य सुमन शामिल रहे।
शाहनवाज ने कहा कि केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर देश के अलग-अलग हिस्सों से चार छात्र जत्थे चलाए गए हैं और आज हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कैथल पहुंचे हैं। जत्थे का नेतृत्व कर रहे होशियार सिंह, सुनील पुनिया, नीतीश नारायण व सुमन ने कहा कि एसएफआई सबके लिए वैज्ञानिक शिक्षा, गुणवत्तापरक शिक्षा बिना भेदभाव मुहैया करवाए जाने व सभी को रोजगार के अवसर दिए जाने की मांग को लेकर अलग अलग शिक्षण संस्थानों, शहरों व गांवों में यह जत्था चलाया जा रहा है। शिक्षा का लगातार निजीकरण, सांप्रदायिक करण करके गरीब के बच्चों को शिक्षा से दूर किया जा रहा है। जो लोग शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं उनके दिमागों को कुंठित किया जा रहा है। लगातार छात्रों से उनके जनवादी अधिकारों छात्र संघ के चुनावों पर पाबंदी लगाकर उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। एसएफआई किसी भी सूरत में इस माहौल को बर्दाश्त करने वाली नहीं है। इस मौके पर एसएफआई जिला प्रधान सुरजीत, सचिव मंजीत, जिला सहसचिव सौमिया, गोलू बात्ता, सुरेश, योगेश, परवीन, श्वेता, राजबाला, सोनिया इत्यादि मौजूद रहे।