कमल कुमार
कैथल। अब जिले के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए चंडीगढ़, अंबाला और करनाल जाने की जरूरत नहीं होगी। क्योंकि मार्च माह तक कैथल में ही पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जिला डाकखाना में पासपोर्ट कार्यालय खुलने जा रहा है। जो मार्च माह तक काम करने लगेगा। इसके लिए शनिवार को रीजनल पासपोर्ट ऑफिस से आए अधिकारी और डाक विभाग के डायरेक्टर सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने मेन ब्रांच का दौरा किया और केंद्र के लिए जगह का अवलोकन किया। उन्होंने यहां पर जल्द ही पासपोर्ट केंद्र बनाने की स्वीकृति दी।
जिला भर के हजारों लोगों को होगा लाभ : वर्तमान में विदेश घूमने या काम-काज के लिए जाने वाले लोगों को जिले से 100 से 150 किलोमीटर दूर अंबाला व चंडीगढ़ और करनाल में पासपोर्ट के आवेदन के लिए जाना पड़ता था। जिस कारण कई बार वे समय पर पासपोर्ट नहीं बनवा सकते। जिला स्तर पर पासपोर्ट केंद्र स्थापित होने के बाद जिला के हजारों लोगों को यहां पर पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी।
पासपोर्ट कार्यालय व डाक विभाग की टीम पहुंची : पासपोर्ट केंद्र बनाने की स्थिति को जांचने के लिए पहुंची टीम में पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाक विभाग के पांच उच्च अधिकारी शामिल रहे। जिसमें रीजनल पासपोर्ट अधिकारी, डाक विभाग के डायरेक्टर जगदीप गुप्ता, अंबाला मेन ब्रांच के डाक अधिकारी अरुण गोयल व कुरुक्षेत्र से आए आईसी गर्ग शामिल रहे। जिला पोस्टमास्टर विजय सिंगला ने बताया कि कई महीने पहले केंद्र सरकार द्वारा जिला स्तर पर पासपोर्ट केंद्र बनाने का फैसला लिया गया। जिस पर शनिवार को पासपोर्ट सेवा केंद्र के अधिकारी और डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने डाकघर का दौरा किया है। उम्मीद है कि जल्द ही यहां पर जिला के लोगों को पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलने के बाद सहूलियत होगी।
2200 से अधिक पासपोर्ट के आवेदन आते हैं हर माह : जिले में हर महीने 2200 से अधिक पासपोर्ट के लिए आवेदन पुलिस के पास आते हैं। इंस्पेक्टर सिक्योरिटी ताराचंद ने बताया कि विभाग के पास पासपोर्ट आवेदन में पुलिस वेरिफिकेशन के लिए आवेदन आते हैं। औसतन 2200 से अधिक आवेदन हर माह होते हैं। पासपोर्ट कितने बनते हैं, यह उन्हें जानकारी नहीं हैं।
एनआरआई रजविंद्र सिह ने बताया कि वर्तमान में अंबाला व चंडीगढ़ में पासपोर्ट की सुविधा के लिए भटकना पड़ता है। जिससे कई बार काफी परेशानियां झेलनी पड़ती है। लेकिन अब जिला स्तर पर पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलने के बाद काफी राहत मिलेगी।
तत्काल में पासपोर्ट की बजाए अब सामान्य आवेदन में हो जाएगा काम : जिला सरपंच एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ने कहा कि अब तक लोगों को अंबाला जाना पड़ता है। वहां वेटिंग में लंबा समय लगता है। पुलिस वेरिफिकेशन जल्दी होगी तो लोगों के जल्दी काम होंगे। अब एक सप्ताह लगता है पुलिस वेरिफिकेशन में। लोगों समय व धन दोनों बचेंगे। एक ही दिन में ऑनलाइन पुलिस वेरिफिकेशन हो जाएगी।
एनआरआई नवदीप सिंह का कहना है कि पासपोर्ट के लिए अंबाला आने-जाने में समय लगता है। वहां आवेदन के बाद पुलिस जांच में कम से कम एक सप्ताह लगता है। किसी को जल्दी हो तो तत्काल की 2500 रुपये अतिरिक्त फीस लगती है। कैथल में ही कार्यालय होने पर तत्काल की फीस बचेगी।
जिले में इन क्षेत्रों से विदेश में हैं लोग : जिले में गुहला-चीका व आस-पास के गांवों, पूंडरी क्षेत्र के कई गांवों व पूंडरी, राजौंद के सिख बाहुल्य गांवों, कलायत के बड़सीकरी क्षेत्र के गांवों व कलायत सहित जिला मुख्यालय कैथल से हजारों की संख्या में लोग विदेशों में हैं।
फ्लैग- अब आपको पासपोर्ट के लिए अंबाला या करनाल नहीं जाना पड़ेगा
हेडिंग- शहर के डाकघर में बनेंगे पासपोर्ट, डायरेक्टर ने किया दौरा, तलाशी जगह
-गुहला-चीका, पूंडरी, राजौंद व कलायत के कई गांवों के अलावा कैथल जिला मुख्यालय से विदेश आने-जाने वाले लोगों को होगी बड़ी सुविधा
फोटो नंबर-7,8 व 22,23,24