बिजली कर्मचारियों की छापेमारी से उपभोक्ता परेशान : कंवरजीत
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। इनेलो के युवा हलका प्रधान कवंरजीत वालिया ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता बिजली कर्मचारियों की रोज-रोज की छापेमारी से तंग आ चुकी है। फतेहपुर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वालिया ने कहा कि बिजली कर्मचारी व अधिकारी किसी भी समय लोगों के घरों में चोरों की तरह घुसते हैं और उपभोक्ताओं को बिजली चोर बनाकर हजारों रुपये जुर्माना करके चले जाते हैं। आर्थिक मंदी के चलते लोगों को अपना घर व जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में हजारों रुपये बिजली के बिल कैसे लोग भरें। लोगों में सरकार और विभाग के खिलाफ गुस्सा बढ़ता जा रहा है जिससे वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को तो पूरा नहीं कर रही। अगर बिजली छापे बंद नहीं किए गए तो उनके कार्यकर्ता भी मजबूरन कर्मचारियों का घेराव करेंगे। उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी लोगों के मदद न करने और अधिकारियों पर कोई लगाम न होने का आरोप लगाया। इस मौके पर जीतराम, शिवम, प्रतीक, कपिल व शुभ वालिया भी मौजूद रहे।