डेंगू से लैब टेक्नीशियन की मौत
कैथल। देवीगढ़ रोड ओम शांति नगर कैथल निवासी अवतार सिंह (25) की बुधवार को डेंगू के कारण मौत हो गई। अवतार की 4 माह पहले ही शादी हुई थी और वह लैब टेक्नीशियन का काम करता था। अवतार के पिता हरभजन सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले अवतार को बुखार हुआ था। टेस्ट करने पर उसे डेंगू बताया गया। पहले उसे इलाज के लिए शहर के निजी शाह अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी लगातार प्लेटलेट्स कम होती गई। यहां पर उसे करनाल से लाकर सेल भी चढ़ाए गए। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं दिखा तो वे गत 10 अक्टूबर को उसे करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में लेकर गए, जहां उसे 6 हजार प्लेटलेट्स रहने पर सेल चढ़ाए गए, लेकिन उसकी ब्लीडिंग नहीं रुकी, जिस कारण अवतार की बुधवार सुबह करीब 4 बजे मौत हो गई। अवतार की मौत से घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अवतार की पत्नी संदीप कौर एवं बूढ़ी मां सिंदर कौर के आंसू नहीं रूक रहे हैं।