पंचकूला से आई टीम ने सामान्य अस्पताल का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अस्पताल में स्वास्थ सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला हेड क्वार्टर से डाक्टरों की टीम ने कैथल के सामान्य अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकी से जांच की। मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों से लेकर साफ सफाई तक की टीम ने जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. पबनीश अरोड़ा व विकास शर्मा शामिल रहे। इस टीम के साथ सामान्य अस्पताल के डाक्टर भी मौजूद थे। टीम ने ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां एक व्यक्ति स्थाई तौर पर गेट पर होना चाहिए ताकि कोई व्यक्ति अंदर प्रवेश न कर सके। लैब में टीम ने जांच की और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आदेश दिए कि प्रयोग किए जाने के बाद सिरिंज एक निश्चित स्थान पर ही डाले ताकि इंफेक्शन न फैले। इसके बाद टीम औषधालय में पहुंची और वहां दवाइयों की जांच की। उन्होंने देखा कि कोई एक्सपायरी डेट की दवाई तो नहीं है। इसके साथ साथ उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों के बारे में भी जानकारी हासिल की। जांच टीम ने एमरजेंसी में भी साफ सफाई देखी और कुछ दिशा निर्देश दिए। टीम आगे बढ़ी तो एंबुलेंस कर्मचारियों से भी चर्चा की। टीम में आए डाक्टरों ने एंबुलेंस कर्मचारियों से सवाल किया कि क्या वे दुर्घटना के वक्त समय पर पहुंच जाते हैं तो कर्मचारियों का जवाब था कि अस्पताल में एंबुलेंस की कमी है लेकिन वे फिर भी शीघ्र अति शीघ्र अस्पताल में पहुंचने का प्रयास करते हैं।